हिंदी
LIVE हादसा CCTV में कैद
Raebareli: रायबरेली में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को तेज रफ्तार डंपर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। हादसे का लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। टक्कर मारने के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
यह दर्दनाक हादसा रायबरेली के चंदापुर थाना क्षेत्र में अमांवा स्थित स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज के पास फौजी ढाबा के सामने हुआ। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर दो महिलाएं सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। उसी दौरान मोहनगंज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर अनियंत्रित हो गया और दोनों महिलाओं को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
भीषण गर्मी में बिजली संकट से उबल पड़ा रायबरेली, 7 दिन में सुधार नहीं तो बड़ा आंदोलन
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे चल रही महिलाओं को जोरदार टक्कर मारता है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से हादसों की वजह बन रही है।
पुलिस के मुताबिक हादसे में मृत महिला की पहचान श्रीमती पत्नी काशी प्रसाद निवासी पूरे भगवानदीन मजरे घूराडीह के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान सरोज पुत्री तुलसी निवासी भगवानदीन मजरे घूराडीह के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों महिलाओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन श्रीमती की जान नहीं बचाई जा सकी।
रायबरेली में ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर, सड़कों पर उतरे
गंभीर रूप से घायल सरोज की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है।
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फरार चालक और डंपर की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और वाहन की पहचान के आधार पर पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।
Location : Raebareli
Published : 26 May 2026, 3:00 PM IST