Agra Crime: ‘कोई मेरी पत्नी को ढूंढ़ दो’… पति की गुहार के बीच पांच दिन बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा

आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के दौरेठा में पांच दिन से लापता महिला गीता का शव झोपड़ी के पास गिरी दीवार के मलबे में दबा मिला। दुर्गंध आने पर पुलिस ने मलबा हटवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 2:06 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित दौरेठा नंबर दो में पांच दिन से लापता महिला का शव झोपड़ी के पास गिरी दीवार के मलबे में दबा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

12 जून से लापता थी गीता

जानकारी के अनुसार दौरेठा नंबर दो निवासी मजदूर संजय सिंह अपनी पत्नी गीता के साथ कई वर्षों से झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। संजय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी गीता 12 जून को अचानक लापता हो गई थी। परिवार और आसपास के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

बालू उतरवाने के दौरान गिरी थी दीवार

परिजनों के मुताबिक 12 जून को झोपड़ी के पास स्थित एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर बालू उतरवाई जा रही थी। इसी दौरान वहां बनी एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई थी। उस समय किसी को यह अंदाजा नहीं था कि गीता दीवार के मलबे के नीचे दब गई होगी। घटना के बाद सामान्य रूप से मलबा वहीं पड़ा रहा और किसी ने उसकी जांच नहीं कराई।

दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा

सोमवार को झोपड़ी के आसपास से तेज दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों को संदेह हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबा हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। मलबे के नीचे से महिला गीता का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह कई दिनों से वहीं दबा हुआ था।

आगरा के चर्चित हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला; संपत्ति विवाद में बहन की हत्या करने वाले भाई को फांसी की सजा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला की मौत दीवार गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Location :  Agra

Published :  16 June 2026, 2:06 PM IST