
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने बच्चों की सुरक्षा, परवरिश और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक महिला ने अपने पूर्व पति पर आरोप लगाया है कि वह उनके 8 वर्षीय बेटे को सिगरेट पीने के लिए उकसाता है, उसका वीडियो बनाता है और फिर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करता है। महिला ने अब अपने बेटे की कस्टडी वापस पाने के लिए पुलिस से मदद मांगी है।
जानकारी के अनुसार मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उनका अपने पति से तलाक हो गया था। तलाक के बाद उनका बेटा अपने पिता के साथ रहने लगा। महिला का कहना है कि शुरुआत में उन्हें उम्मीद थी कि बच्चे की सही देखभाल होगी, लेकिन बाद में सामने आई कुछ घटनाओं ने उन्हें चिंतित कर दिया।
महिला का आरोप है कि बच्चे की पढ़ाई और भविष्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही वह गलत माहौल और गलत संगत के संपर्क में आ रहा है, जिसका असर उसके व्यवहार पर भी दिखाई दे रहा है।
महिला ने दावा किया है कि उनके पास ऐसे वीडियो मौजूद हैं जिनमें उनका बेटा सिगरेट पीता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोप है कि बच्चे को सिगरेट पीने के लिए प्रेरित किया जाता है और फिर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर Instagram पर अपलोड किया जाता है। महिला का कहना है कि मात्र 8 साल की उम्र में किसी बच्चे का ऐसी आदतों की ओर बढ़ना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चा इस स्थिति तक कैसे पहुंचा।
शिकायत में महिला ने यह भी दावा किया है कि उनका पूर्व पति पहले एक नशीले पदार्थ से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। महिला का कहना है कि ऐसे माहौल में रहने से उनके बेटे का भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसी वजह से वह चाहती हैं कि बच्चे को उनके संरक्षण में सौंपा जाए ताकि उसकी बेहतर परवरिश हो सके।
ऋषिकेश रेल हादसे पर रेलवे का कड़ा एक्शन: देहरादून तक गिली गाज, मामले में लोको पायलट सस्पेंड
महिला ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनके अनुसार 8 जून को जब वह अपने बेटे से मिलने गई थीं तो पूर्व पति और उसके परिवार के लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इन आरोपों के आधार पर महिला ने पुलिस से कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले को लेकर सर्कल ऑफिसर अभिषेक कुमार पटेल ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा दिखाए गए वीडियो में बच्चा सिगरेट पीता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन वीडियो में उसका पूर्व पति नजर नहीं आ रहा। पुलिस अधिकारी के अनुसार वीडियो में बच्चा कमरे के अंदर अकेला दिखाई देता है। हालांकि महिला के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Meerut
Published : 12 June 2026, 10:36 AM IST