दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए तरुण खटीक हत्याकांड की जांच अब SIT को सौंपी जाएगी। पुलिस अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी सुरक्षा बल तैनात है। आरोपियों के घर सील कर दिए गए हैं और ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।

तरुण हत्याकांड में बड़ा कदम (Image Source: Internet)
New Delhi: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए चर्चित तरुण खटीक हत्याकांड को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो अब इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस मामले की जांच उत्तम नगर थाना पुलिस से लेकर SIT को सौंप दी जाएगी। यह टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल करेगी और यह जानने की कोशिश करेगी कि विवाद कैसे इतना बढ़ा कि एक युवक की जान चली गई।
SIT घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच करेगी, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करेगी और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों को भी खंगालेगी। साथ ही घटना में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक 4 मार्च को होली के दिन एक मामूली विवाद से इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत हुई थी। बताया गया कि एक 11 वर्षीय बच्ची के पास गुब्बारा गिरने से पानी की छींटे पड़ने पर एक महिला का तरुण के परिवार से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद महिला ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और मौके पर काफी हंगामा हुआ। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला और बच्ची के साथ बदसलूकी भी की।
ईरान संकट पर भारत की बड़ी पहल, पीएम मोदी ने राष्ट्रपति से बात कर गहरी चिंता जताई और बोले…
दिनभर चले विवाद के बाद रात में जब तरुण होली खेलकर घर लौटा तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसके सीने पर पत्थर से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
16 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में कड़ी सुरक्षा
पुलिस ने इस मामले में अब तक दो नाबालिग समेत 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रशासन ने आरोपियों के घरों के उस हिस्से को बुलडोजर से गिरा दिया, जिसे अतिक्रमण कर अवैध रूप से बनाया गया था। साथ ही अवैध फैक्ट्री संचालन के आरोप में संबंधित मकानों को सील भी कर दिया गया है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की दो कंपनियां पहले से ही क्षेत्र में तैनात हैं।
ईरान पर हमलों के बीच बड़ा खुलासा! अमेरिकी रिपोर्ट बोली… ट्रंप पर बढ़ा दबाव
आगामी शुक्रवार को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा के लिए जमीन के साथ-साथ आसमान से भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने शांति समिति के साथ बैठक भी की है, जिसमें सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पूरी तरह तैयार है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।