
रोहिन बैराज हादसे में दोनों परिवारों को 4-4 लाख की मदद (Img: Dynamite News)
Maharajganj: परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता रोहिन बैराज के गेट संख्या-3 के पास रविवार को नहाते समय रोहिन नदी में डूबने से महुअवा गांव निवासी दो युवकों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मंगलवार को प्रशासन की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को प्रदेश सरकार की आपदा राहत योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मृतकों की पहचान प्रिन्स वर्मा पुत्र विनय वर्मा, उम्र करीब 20 वर्ष और मोनू साहनी पुत्र पवन साहनी, उम्र करीब 14 वर्ष, निवासी ग्राम महुअवा के रूप में हुई थी। घटना की सूचना 16 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही परसामलिक पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाला था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की थी।
हादसे के बाद मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शासन की ओर से आपदा राहत के अंतर्गत स्वीकृत चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे। इस दौरान परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया।
ये भी पढ़ें- पहले बताया करंट से मौत, फिर सामने आई फांसी की बात… 8 दिन बाद कब्र से निकाला गया 15 साल की किशोरी का शव
चेक वितरण के दौरान नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी नौतनवा एवं तहसीलदार नौतनवा मौजूद रहे। घटना के बाद से महुअवा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने की कार्रवाई की गई है।
Location : Maharajganj
Published : 18 August 2026, 4:57 PM IST