
छापेमारी करते अधिकारी (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने फ्लोर मिलों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दो प्रमुख फ्लोर मिलों का औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान आटा और मैदा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अब सभी की निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत सबसे पहले जायसवाल एग्रो इंडस्ट्रीज़ प्रा.लि., मनीकौरा (फरेंदा) का निरीक्षण किया गया। यहां से आटा और मैदा के नमूने विधिक प्रक्रिया के तहत संग्रहित किए गए। इसके बाद टीम ने हिन्दुस्तान फ्लोर मिल, प्रसन्ना (नौतनवा) पहुंचकर गेहूं के आटे का नमूना लिया। सभी नमूनों को सील कर परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मिल संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उत्पादन इकाइयों में स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली को मजबूत करने तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगर जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट, गुणवत्ता में कमी या मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ भी शामिल रहे। टीम ने मिलों में उत्पादन व्यवस्था, भंडारण और गुणवत्ता संबंधी मानकों का भी गहन निरीक्षण किया।
Location : Maharajganj
Published : 5 August 2026, 5:26 PM IST
Topics : Flour Mill Inspection Food Quality Check Food Safety Department Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) UP News