Lucknow Crime: ये कैसी कहानी! घर में पत्नी की लाश, गोद में बच्चा और बाहर घूमता रहा पति

लखनऊ के निशातगंज में यूपी पुलिस के मुख्य आरक्षी हिमांशु श्रीवास्तव पर पत्नी रश्मि की रॉड से सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी एक वर्षीय बेटे को लेकर करीब दो घंटे बाहर घूमता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 September 2026, 8:26 AM IST

Lucknow: राजधानी लखनऊ के निशातगंज में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यूपी पुलिस के मुख्य आरक्षी हिमांशु श्रीवास्तव पर अपनी पत्नी रश्मि की रॉड से सिर पर वार कर हत्या करने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद वह अपने एक वर्षीय बेटे को लेकर करीब दो घंटे तक बाहर घूमता रहा। इसके बाद घर लौटकर पत्नी के शव के पास बैठ गया।

विवाद के बाद पत्नी के सिर पर किया वार

मामला निशातगंज की पेपरमिल कालोनी का है। पुलिस के मुताबिक रविवार को हिमांशु और उसकी पत्नी रश्मि के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान हिमांशु ने रॉड से रश्मि के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद रश्मि की मौत हो गई।

घटना के बाद भी आरोपी घर से भागा नहीं। वह अपने एक वर्षीय बेटे को लेकर बाहर चला गया और करीब दो घंटे तक उसके साथ घूमता रहा। इसके बाद वह वापस घर पहुंचा और पत्नी के शव के पास बैठ गया।

Satya Niketan Collapse: क्या बेसमेंट खुदाई बनी छात्रों की जिंदगियों का कातिल? हादसे में अब तक 6 शव बरामद

मकान मालिक से बोला- पत्नी को चोट लगी है

पुलिस के अनुसार हिमांशु बच्चे को लेकर मकान मालिक के पास भी गया और इधर-उधर की बातें करता रहा। जब मकान मालिक ने रश्मि के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसे चोट लग गई है। संदेह होने पर वह कमरे में गया, जहां रश्मि का शव पड़ा था।

कुछ देर बाद रश्मि का भाई सौरभ श्रीवास्तव भी वहां पहुंचा। उसने अपनी बहन को फर्श पर खून से लथपथ हालत में देखा। रश्मि के सिर के आसपास खून था और उसकी सांस नहीं चल रही थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

2015 में हुई थी शादी, पहले से होता था विवाद

रश्मि के भाई सौरभ के मुताबिक, उसकी बहन की शादी वर्ष 2015 में अयोध्या निवासी हिमांशु श्रीवास्तव से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहता था। कई बार परिवार के लोग रश्मि को समझाकर मामला शांत कराते थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

Saharanpur: सालों से जमीन के नीचे छिपा था ये कुआं! अचानक सामने आया तो हर कोई रह गया दंग

2011 बैच का मुख्य आरक्षी है आरोपी

एसीपी महानगर अंकित सिंह के मुताबिक हिमांशु श्रीवास्तव 2011 बैच का मुख्य आरक्षी है। वह वर्तमान में डालीगंज स्थित सूचना अधिकार प्रकोष्ठ कार्यालय में तैनात था। पिछले करीब ढाई साल से वह पेपरमिल इलाके में किराये के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था।

पुलिस ने सौरभ की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल रॉड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस के सामने बार-बार बदला बयान

पुलिस के मुताबिक हिमांशु पूछताछ के दौरान बार-बार अपना बयान बदलता रहा। पुलिस जब उसे मेडिकल के लिए ले जाने लगी तो उसने तबीयत खराब होने का नाटक करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस हत्या के सही समय और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Lucknow

Published :  7 September 2026, 8:26 AM IST