ड्यूटी के बीच अचानक थम गई सांसें, अडानी पावर प्लांट के 45 वर्षीय मैनेजर की मौत; काम के दबाव पर भी सवाल

मिर्जापुर के मड़िहान क्षेत्र में निर्माणाधीन अडानी थर्मल पावर प्लांट में 45 वर्षीय मैनेजर मधुकर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। वहीं प्लांट में काम के दबाव और जल्द प्रोजेक्ट पूरा करने को लेकर कर्मचारियों के बीच चर्चाएं भी हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 6 September 2026, 12:58 PM IST
google-preferred

Mirzapur: ड्यूटी के बीच अचानक तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते 45 साल के मैनेजर की जिंदगी की सांसें थम गईं। घटना मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरी में निर्माणाधीन अडानी कंपनी के थर्मल पावर प्लांट की है। यहां काम करने वाले मैनेजर मधुकर की अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह दिल का दौरा पड़ना बताई जा रही है।

अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक मधुकर रोज की तरह प्लांट में अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होती देख वहां मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की कोशिश की। उन्हें लेकर लोग अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरएस वर्मा के मुताबिक मधुकर को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मिर्जापुर में बड़ा हादसा, पलक झपकते धराशाई हुआ क्रेशर प्लांट; 4 लोगों की मौत, कई मजदूर दबे

मौत से कर्मचारियों में दहशत

मधुकर की मौत की खबर से निर्माणाधीन प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चर्चा का माहौल है। 45 साल की उम्र में ड्यूटी के दौरान अचानक मौत होने से कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। प्लांट में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों के बीच काम के दबाव और प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि मधुकर की मौत का काम के दबाव से कोई सीधा संबंध था या नहीं। अभी तक डॉक्टरों की ओर से हार्ट अटैक को ही प्रारंभिक कारण बताया गया है।

जल्द से जल्द प्रोजेक्ट पूरा करने की होड़ की चर्चा

मड़िहान के ददरी इलाके में अडानी कंपनी का थर्मल पावर प्लांट लंबे समय से निर्माणाधीन है। प्लांट को लेकर स्थानीय स्तर पर समय-समय पर विरोध और सवाल भी उठते रहे हैं। पर्यावरणीय नियमों की कथित अनदेखी और जंगल से जुड़े मुद्दों को लेकर भी विरोध की बातें सामने आती रही हैं। इसी बीच प्लांट के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने को लेकर अंदरखाने दबाव होने की चर्चा कर्मचारियों के बीच है। एक श्रमिक ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि प्लांट के अंदर काम का दबाव काफी है। उसके मुताबिक कंपनी की ओर से जल्द से जल्द प्रोजेक्ट पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

सड़क नहीं तो कैसा विकास! मिर्जापुर में हर साल वही दुश्वारी, पक्के मार्ग की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

प्लांट को लेकर पहले से उठते रहे हैं सवाल

निर्माणाधीन थर्मल पावर प्रोजेक्ट को लेकर मिर्जापुर में पहले भी विरोध की आवाजें उठती रही हैं। पर्यावरणीय प्रभाव, वन क्षेत्र और निर्माण गतिविधियों को लेकर अलग-अलग स्तरों पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर प्रोजेक्ट के विरोध में आवाज उठाने वाले लोगों का दावा है कि निर्माण के दौरान पर्यावरणीय नियमों का पालन किए जाने को लेकर कई सवाल हैं।

Location :  Mirzapur

Published :  6 September 2026, 12:58 PM IST

Related News

Advertisement