Kanpur News: सनक या साजिश? केमिकल हमलों से दहशत फैलाने वाला दिलशाद गिरफ्तार

कानपुर में महिलाओं और युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाले आरोपी मोहम्मद दिलशाद को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि पीड़िताओं की चीखें सुनकर उसे मजा आता था। पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 22 June 2026, 3:54 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिलाओं और युवतियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर दहशत फैलाने वाले सनकी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शारदानगर निवासी मोहम्मद दिलशाद के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। दिलशाद ने बताया कि युवतियों को दर्द से तड़पते और चीखते हुए देखकर उसे "मजा" आता था।

लगातार घटनाओं से दहशत में थीं महिलाएं

पिछले कुछ दिनों से रावतपुर और कल्याणपुर क्षेत्र में महिलाओं और छात्राओं पर चिपचिपा एवं ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने की घटनाएं सामने आ रही थीं। शनिवार को नेट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा और एक नर्सिंग कर्मी को आरोपी ने निशाना बनाया था। हालांकि उस दौरान उसका निशाना पूरी तरह सफल नहीं हो सका।

रविवार को आरोपी ने फिर वारदात को अंजाम दिया और बरसायतपुर की एक महिला ट्यूशन टीचर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। केमिकल हाथ पर गिरने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी त्वचा तक उधड़ गई।

CCTV से मिला सुराग, आरोपी दबोचा गया

घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक साइकिल पर बैग लटकाए दिखाई दिया। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने रविवार देर शाम मोहम्मद दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से ज्वलनशील पदार्थ के अलावा करीब 510 ग्राम चरस भी बरामद हुई है।

दूर खड़े होकर देखता था पीड़िताओं की तड़प

पूछताछ में दिलशाद ने बताया कि वह टाइल्स और पत्थरों को जोड़ने वाले केमिकल का इस्तेमाल करता था। वारदात के बाद वह कुछ दूरी पर जाकर खड़ा हो जाता और पीड़िताओं की प्रतिक्रिया देखता था। आरोपी ने कबूल किया कि महिलाओं की चीखें और दर्द देखकर उसे संतुष्टि मिलती थी।

पुलिस के मुताबिक उसके मोबाइल फोन में बड़ी संख्या में अश्लील वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पहले भी जा चुका है जेल

जांच में यह भी सामने आया कि दिलशाद वर्ष 2022 में एक किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में गिरफ्तार होकर पॉक्सो एक्ट के तहत जेल जा चुका है। करीब छह महीने बाद वह जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस कर रही गहन जांच

डीसीपी वेस्ट ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इस तरह की कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Location :  Kanpur

Published :  22 June 2026, 3:54 PM IST

Advertisement