हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले के छोटूराम नगर में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के लालपुर गांव निवासी 31 वर्षीय चेतन सिंह किराये के मकान में अकेले रह रहा था। उसने देर रात अपनी पत्नी को वीडियो कॉल की और इसी दौरान आत्महत्या कर ली।
घटना के समय उसकी पत्नी लगातार उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए समझाती रही, लेकिन चेतन ने उसकी बात नहीं मानी। पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, चेतन सिंह अपने परिवार से दूर रहकर बहादुरगढ़ की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसकी पत्नी और तीन बेटियां उत्तर प्रदेश के गांव में रहती थीं, जबकि वह काम के कारण छोटूराम नगर में अकेला किराये के मकान में रहता था।
परिवार के अनुसार, चेतन की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चेतन ने पहले पत्नी को फोन किया और फिर अचानक वीडियो कॉल शुरू कर दी। वीडियो कॉल के दौरान ही उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया।
पत्नी ने उसे रोकने के लिए काफी समझाया और खुद को संभालने की अपील करती रही। जब उसे लगा कि चेतन उसकी बात नहीं सुन रहा है तो उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को 112 नंबर पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खुलवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच के लिए FSL टीम को बुलाया। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
Location : Haryana
Published : 18 September 2026, 9:29 AM IST