
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Greater Noida: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट करने वाले बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। रविवार को सूरजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है।
5 जुलाई को बदमाश पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में घुस गए थे। आरोपियों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली थी। शुरुआती जांच में लूटे गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें-Taj Hotel Threat: लाल किले के बाद अब मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, मंचा हड़कंप
लूटकांड के खुलासे के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी शैलेंद्र सिंह की निगरानी में कई टीमें बनाई गई थी। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ बदमाश तिलपता गोलचक्कर के पास कार से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें-दिलीप जोशी के फैंस के लिए बुरी खबर, क्या ‘तारक मेहता’ में अब कम दिखेंगे जेठालाल?
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाकर उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी लूटकांड में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटे गए आभूषण और नकदी के अलावा अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
Location : Greater Noida
Published : 12 July 2026, 4:09 PM IST