
गोला थाना क्षेत्र के कैथवली गांव (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के कैथवली गांव में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता से मारपीट और धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता मधु रावत ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 11 अगस्त की सुबह करीब नौ से साढ़े नौ बजे के बीच वह अपने घर पर थी। इसी दौरान उसके ससुर प्रभंश रावत, सास कौशल्या देवी, ननद निकिता और पति दिपचन्द रावत के साथ घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
महिला का आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और चारों आरोपितों ने उसके साथ लात-मुक्के तथा लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
मधु रावत ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके पति ने धारदार सामान से उस पर हमला कर दिया। इससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। अचानक हुए हमले से घबराकर उसने बचाव के लिए शोर मचाया।
पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज भी की गई। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद विवाहिता ने गोला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले में पति दिपचन्द रावत, ससुर प्रभंश रावत, सास कौशल्या देवी और ननद निकिता को आरोपित बनाया गया है।
गोला पुलिस के अनुसार आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 351(3), 352 और 85 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
पहले बाइक टकराई, फिर पीछे से आया डंपर… हाईवे पर मच गया मौत का तांडव, 2 की मौत
पुलिस जांच में चोटों से संबंधित अभिलेख और अन्य साक्ष्यों को भी शामिल किया जा रहा है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 13 August 2026, 1:55 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News uttar pradesh