फुल्की खाने निकले 5 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या, CCTV फुटेज में खुला वह हैरान करने वाला राज!

गोरखपुर के सहजनवा में 5 वर्षीय अंशुमान सिंह की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 8:30 PM IST

Gorakhpur: नगर पंचायत सहजनवा के वार्ड नंबर-9 पिपरा निवासी पांच वर्षीय अंशुमान सिंह की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मासूम का शव दोपहर बाद उसके घर पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम की अंतिम झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर उमड़ पड़े।

शव पहुंचते ही फूट पड़ा ग्रामीणों का गुस्सा

शोक के बीच ग्रामीणों का आक्रोश भी खुलकर सामने आया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलाई जाए तथा घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सार्वजनिक की जाए। कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

फुल्की खाने निकला था मासूम

बताया जा रहा है कि अंशुमान गुरुवार की शाम करीब पांच बजे घर के पास फुल्की खाने के लिए निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर सहजनवा पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर क्षेत्राधिकारी गीडा के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया और रातभर बच्चे की तलाश की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मासूम के साथ जाता दिखाई दिया। इसी आधार पर पुलिस ने कल्पेश राय पुत्र संजय राय, निवासी सांथा थाना धर्मसिंहवा, जनपद संतकबीरनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर वार्ड नंबर-10 स्थित एक खंडहरनुमा कमरे से मासूम का शव बरामद किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी गीडा, थाना प्रभारी गीडा, अतिरिक्त थाना प्रभारी सहजनवा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शनिवार को शव घर पहुंचने के बाद उप जिलाधिकारी सहजनवा केसरी नंदन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गीडा, थाना प्रभारी गीडा तथा अतिरिक्त थाना प्रभारी सहजनवा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद मासूम का अंतिम संस्कार कराया गया।

पुलिस जांच जारी

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पूरे क्षेत्र में इस जघन्य घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 July 2026, 8:30 PM IST