घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर उड़ाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का माल और नकदी बरामद

गोरखपुर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि दोनों पर पहले से कई चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके पास से चोरी के गहने और नकदी बरामद की है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 July 2026, 8:01 PM IST

Gorakhpur: गोरखनाथ थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की एक हाथ पलानी (सफेद धातु), दो पायल (सफेद धातु) और 2,810 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिन पर पहले से कई चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना गोरखनाथ पर दर्ज मुकदमा संख्या 284/2026 से जुड़े अभियुक्त मुर्तजा उर्फ झिन्नू पुत्र कयामुद्दीन और सद्दाम उर्फ जुमराती पुत्र समीम अंसारी को गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

अब लखनऊ जाना हुआ आसान… बदायूं से चली पहली दैनिक एक्सप्रेस, वर्षों का इंतजार खत्म, यात्रियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को पीड़िता अपने मायके गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 4,000 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा दो मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में उनके कब्जे से चोरी का कुछ सामान और नकदी बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं।

अब साथ नहीं रह सकती… छुट्टी पर आए BSF जवान ने पत्नी पर फावड़े से किया हमला, सुबह बच्चों ने खोला घर का सबसे दर्दनाक राज

पहले से दर्ज है कई मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुर्तजा उर्फ झिन्नू के खिलाफ गोरखनाथ और जीआरपी थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सद्दाम उर्फ जुमराती पर चिलुआताल, गुलरिहा और गोरखनाथ थानों में वर्षों से चोरी और सेंधमारी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक रजत त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल आनंद किशोर और कांस्टेबल आशीष गुप्ता की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 July 2026, 8:01 PM IST