Murder in Gorakhpur: गोरखपुर में नाबालिग वैभव वर्मा की हत्या, तहखाने से मिला शव; खजनी में भारी तनाव, पुलिस बल तैनात

खजनी में 12 वर्षीय वैभव वर्मा का शव एक संदिग्ध के मकान के तहखाने से मिलने के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और मातम फैल गया। लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है। आखिर पुलिस जांच में अब तक क्या सामने आया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 1:30 PM IST

Gorakhpur: खजनी कस्बे में मंगलवार को उस समय मातम और आक्रोश का माहौल फैल गया, जब सोमवार से लापता 12 वर्षीय वैभव वर्मा का शव संदिग्ध के मकान के तहखाने से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में व्यापारी, स्थानीय लोग और परिजन सड़क पर उतर आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

पूरी रात बच्चे की खोजबीन में लगी रही पुलिस

जानकारी के अनुसार, खजनी कस्बे के प्रतिष्ठित व्यापारी लक्ष्मी वर्मा के नाती और हनुमान वर्मा के पुत्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर करीब दो बजे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी खजनी और प्रभारी निरीक्षक सहित कई टीमें पूरी रात बच्चे की खोज में जुटी रहीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने संदिग्ध के मकान में गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मकान के तहखाने से वैभव का शव बरामद होने पर परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। शव को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।

ये भी पढ़ें- निचलौल-कोहड़वल सड़क की बदहाली पर जनाक्रोश, बड़े धरने का ऐलान; सीएम के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क जाम और चक्का जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। व्यापारियों ने भी घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों को शीघ्र और कठोर सजा देने की मांग की।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मेरे बाद बच्चों का ख्याल रखना…; दहेज प्रताड़ना से तंग महिला ने वीडियो बनाकर बयां की जुल्म की दास्तान

फिलहाल खजनी कस्बे में गम और गुस्से का माहौल है। मासूम वैभव की दर्दनाक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है, जबकि पूरे क्षेत्र के लोग दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 July 2026, 1:30 PM IST