
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Gorakhpur: नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 1.62 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गीडा थाना पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ गांव निवासी शुभम उपाध्याय पुत्र चंद्रमोहन उपाध्याय रोजगार की तलाश में थे। उनकी मुलाकात 17 नवंबर 2024 को गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान बाराबंकी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र के मोसनड़ी निवासी करुणेश मिश्रा और उनकी पत्नी साक्षी उपाध्याय से हुई। बातचीत के दौरान दंपत्ति ने शुभम को इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर दंपत्ति ने कुल 2.50 लाख रुपये की मांग की। उनकी बातों पर विश्वास कर शुभम ने विभिन्न तिथियों पर ऑनलाइन माध्यम से रकम भेजनी शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, 24 दिसंबर 2024 को 25 हजार रुपये, 26 दिसंबर को 34 हजार रुपये, 9 जनवरी 2025 को 7 हजार रुपये, 2 फरवरी को 5 हजार रुपये तथा 10 फरवरी को 91 हजार रुपये आरोपी दंपत्ति के खाते में स्थानांतरित किए गए। इस प्रकार कुल 1 लाख 62 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
शुभम ने बताया कि आरोपियों ने कहा था कि नौकरी के लिए साक्षात्कार और अन्य औपचारिकताएं फोन के माध्यम से पूरी करा दी जाएंगी। समय बीतने के बावजूद नियुक्ति संबंधी कोई प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। इस बीच आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए पहचान पत्र और दस्तावेज संदिग्ध प्रतीत होने लगे। जांच करने पर उन्हें फर्जीवाड़े की आशंका हुई। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने नौकरी और जमा धनराशि के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में रुपये वापस मांगने पर आरोपियों का व्यवहार बदल गया और वे विवाद पर आमादा हो गए।
Deoria Police Action: देवरिया में अपराधियों की खैर नहीं, पॉक्सो आरोपी समेत 4 वांछित अपराधी गिरफ्तार
खुद को ठगी का शिकार समझते हुए शुभम ने गीडा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी करुणेश मिश्रा और साक्षी उपाध्याय के खिलाफ जालसाजी एवं धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 13 June 2026, 6:02 PM IST