Gorakhpur News: जिस घाट पर हुआ था दर्दनाक हादसा, अब वहां लगा ऐसा पोस्टर कि लोग भी रह गए हैरान

गोरखपुर के गोरक्षनाथ घाट पर हुए हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। घाट पर पोस्टर लगाकर लोगों को गुंबद और गेट से दूर रहने की सलाह दी गई है। पुलिस ने गहरे पानी और जलीय जीवों का हवाला देते हुए स्नान पर रोक लगाई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 September 2026, 2:31 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के गोरक्षनाथ घाट पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने अब लोगों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। घाट पर आने वाले लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए जगह-जगह चेतावनी पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में लोगों से घाट के गेट और गुंबद से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही गहरे पानी में उतरने और स्नान करने से भी सख्त मना किया गया है।

हादसे के बाद प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

बीते रविवार गोरक्षनाथ घाट पर आकाशीय बिजली की घटना के दौरान गुंबद का छज्जा गिरने से कई लोग मलबे की चपेट में आ गए थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता आलोक अस्थाना और अधिवक्ता संजय सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। अब बारिश और संभावित बाढ़ के मौसम को देखते हुए घाट पर आने वाले लोगों को सावधान किया जा रहा है।

पोस्टर में साफ लिखा- गुंबद और गेट से रहें दूर

नगर निगम गोरखपुर की ओर से लगाए गए चेतावनी पोस्टर में लोगों से कहा गया है कि वर्षा ऋतु और बाढ़ की संभावना को देखते हुए घाट के गेट और गुंबद से दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन स्थानों के पास जाने से दुर्घटना हो सकती है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन का उद्देश्य है कि दोबारा किसी तरह की दुर्घटना न हो और घाट पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस ने गहरे पानी को लेकर भी किया अलर्ट

सिर्फ नगर निगम ही नहीं, पुलिस प्रशासन भी घाट पर आने वाले लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है। पुलिस की ओर से लगाए गए चेतावनी संदेश में इस क्षेत्र को दुर्घटना बाहुल्य बताया गया है।

लोगों को बताया जा रहा है कि यहां पानी काफी गहरा है। साथ ही पानी में सांप, मगरमच्छ, घड़ियाल और कछुए जैसे जलीय जीव होने की संभावना भी रहती है। ऐसे में लोगों से पानी में उतरने और स्नान करने से पूरी तरह बचने की अपील की गई है।

देवरिया में अपना दल का शक्ति प्रदर्शन, अनुप्रिया पटेल बोलीं- ‘2027 में फिर NDA को मिलेगा यूपी का भरोसा’

मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को मिली सहायता

हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया था और जिला प्रशासन को मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से भी सहायता दिए जाने की बात कही गई है।

अधिकारियों पर भी दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद प्रशासन ने जिम्मेदारी तय करने की दिशा में भी कार्रवाई की। मामले में सीएमओ, जेई, ठेकेदार और ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

20 साल का सूखा खत्म’! बांग्लादेश को 3-0 से रौंदकर AFC अंडर-20 एशियन कप के लिए भारत ने क्वालीफाई किया

अब घाट पर जाने से पहले दिखेगा खतरे का संदेश

दो अधिवक्ताओं की मौत के बाद प्रशासन की ओर से लगाए गए चेतावनी पोस्टर लोगों को सावधान करने का बड़ा कदम माना जा रहा है। बारिश और बाढ़ की संभावना के बीच प्रशासन किसी भी नए हादसे को रोकने के लिए लोगों को पहले ही खतरे से आगाह कर रहा है।

घाट पर आने वाले लोगों से अपील की जा रही है कि वे चेतावनियों को नजरअंदाज न करें और गुंबद, गेट तथा गहरे पानी वाले हिस्सों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 September 2026, 2:31 PM IST