गोरखपुर: 10 हजार का इनामी गैंगस्टर शनि उर्फ पकवा गिरफ्तार, लूट-चोरी के कई मामलों में था वांछित

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चोरी और लूट जैसी घटनाओं ने लोगों को परेशान करके रख दिया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चोरी और लूट जैसी घटनाओं ने लोगों को परेशान करके रख दिया है। इन अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार एक्शन में है। जहां इसी कड़ी में गोरखपुर पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाने के लिए एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

10 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, चोरी और लूट जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर शनि उर्फ पकवा उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर के निर्देश पर की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक नगर और अपराध के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।

गंभीर धाराओं में कुल 12 आपराधिक मुकदमें दर्ज

स्वाट प्रभारी मनीष यादव व एसओजी प्रभारी सूरज सिंह की संयुक्त टीम ने इस कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया। अभियुक्त शनि पुत्र अनिल निवासी मिलेनियम सिटी, करीमनगर, थाना चिलुआताल, जिला गोरखपुर है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में कुल 12 आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।

आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज है और वह काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गोरखपुर के कैंट, शाहपुर और गुलरिहा थाने में कई अपराध किए हैं। उसके खिलाफ धारा 379 (चोरी), 392 (डकैती), 420 (धोखाधड़ी) और 2/3 गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति के तहत अभियान चलाया गया था। स्वाट और एसओजी टीम की सतर्कता से अभियुक्त को पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी से स्पष्ट है कि गोरखपुर पुलिस शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

ऐसे में देखने वाली बात यह है कि, आखिर पुलिस कब तक अपने तगड़े एक्शन के चलते अपराधों पर अंकुश लगाती है। राज्यों को कब तक अपराधों से मुक्ति मिलेगी।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 27 May 2025, 10:17 AM IST

Advertisement
Advertisement