Gorakhpur News: खेत में मिला अधेड़ का शव, पहचान होते ही सामने आई ऐसी कहानी कि हर कोई रह गया सन्न

गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में देशी शराब की दुकान के पास खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घंटों बाद शव की पहचान बड़हलगंज निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई। परिजनों का कहना है कि बेटी की मौत के बाद वह गहरे सदमे में था और अत्यधिक शराब का सेवन करने लगा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 7 June 2026, 12:09 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब नर्रे चौराहे पर स्थित देशी शराब की दुकान के पास खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पहले तो किसी को उसकी पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कई घंटों की मशक्कत के बाद शव की पहचान बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव निवासी 44 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र रामबहाल के रूप में हुई।

खेत में पड़ा मिला शव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे स्थानीय लोगों की नजर खेत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पहले लोगों ने उसे अचेत समझा, लेकिन पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। पहचान नहीं होने के कारण काफी देर तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद गगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

“पुतला नहीं फूंकने दिया तो खुद को लगा लूंगा आग…” गोरखपुर पुलिस ने प्रदर्शन रोक 3 छात्रों को किया गिरफ्तार

साले ने की शव की पहचान

इसी दौरान सकरी गांव निवासी मृतक के साले राजनाथ को घटना की जानकारी मिली। वह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने बहनोई सुनील कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मृतक की पत्नी मीना और अन्य परिवारजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पति का शव देखते ही पत्नी बेसुध हो गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके का माहौल बेहद भावुक हो गया।

बेटी की मौत के बाद टूट गया था सुनील

परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले सुनील की बेटी गोल्डी का निधन हो गया था। बेटी की असमय मौत ने उसे अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था। परिवार के लोगों का कहना है कि वह लगातार मानसिक तनाव और गहरे सदमे में रह रहा था। पहले से शांत स्वभाव का सुनील बेटी की मौत के बाद लोगों से कम मिलना-जुलना भी करने लगा था।

शराब का बढ़ गया था सेवन

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सुनील लगातार नर्रे चौराहे पर स्थित देशी शराब की दुकान पर आ रहा था। वह अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन कर रहा था। परिजनों का भी कहना है कि बेटी के निधन के बाद उसने शराब पीना काफी बढ़ा दिया था। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और वह खेत में गिर पड़ा।

गोरखपुर में माफियाओं पर बड़ा क्रैकडाउन, फर्जी स्टाम्प के सौदागर की 1.50 करोड़ की 3 मंजिला इमारत कुर्क

ससुराल से आया था नर्रे

मृतक के भाई धर्मराज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सुनील शनिवार को अपने ससुराल सकरी से नर्रे आया था। इसके बाद वह शराब पीने के लिए गया था। परिवार का अनुमान है कि शराब पीने के दौरान उसकी हालत अचानक खराब हो गई और समय पर मदद नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Location :  गोरखपुर

Published :  7 June 2026, 12:09 AM IST