
गोरखपुर में पिस्टल के दम पर धमकी
Gorakhpur: कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राखूखोर गांव में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर तनावपूर्ण माहौल बन गया। आरोप है कि बाइक से गांव पहुंचे दो युवकों ने एक युवक पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, उनके कब्जे से पिस्टल छीन ली और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर हथियार कब्जे में कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, विवाद की जड़ पांच दिन पहले हुई एक घटना है। बताया जा रहा है कि गांव की एक किशोरी से कथित छेड़खानी के आरोप को लेकर राखूखोर निवासी रिक्की चौधरी और बबलू चौधरी का गुरम निवासी दीपांकर सिंह तथा फरदहनी निवासी प्रांजल दुबे से स्कूल के पास विवाद और मारपीट हुई थी। उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
शुक्रवार शाम दीपांकर सिंह और प्रांजल दुबे बाइक से राखूखोर गांव पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव की एक चाय की दुकान पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि इसी दौरान दीपांकर ने कमर से पिस्टल निकालकर रिक्की चौधरी के सीने पर तान दी तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों युवकों को घेर लिया और संघर्ष के बाद उनके कब्जे से पिस्टल छीन ली। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कैंपियरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि बरामद हथियार को कब्जे में लेकर उसकी वैधता और स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवकों के पास पिस्टल कैसे पहुंची और उसका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है। साथ ही पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गोरखपुर में एसएसपी का बड़ा एक्शन, कोतवाली इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, महिला चौकी प्रभारी निलंबित
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
Location : Gorakhpur
Published : 31 July 2026, 11:59 PM IST