गोंडा में निषाद पार्टी नेता की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार; पुलिसकर्मी निलंबित

गोंडा के परसपुर में हमले में घायल निषाद पार्टी नेता और व्यापारी विनोद साहनी की लखनऊ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के हस्तक्षेप के बाद लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट सिपाही निलंबित किए गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 September 2026, 10:31 AM IST
google-preferred

Gonda: गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों के हमले में गंभीर रूप से घायल निषाद पार्टी के नेता और व्यापारी विनोद कुमार साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। 9 सितंबर की रात उन पर धारदार हथियारों से हमला करने के बाद गोली मारी गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे विनोद साहनी

जानकारी के अनुसार, परसपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यापारी और निषाद पार्टी नेता विनोद साहनी पर 9 सितंबर की रात बाइक सवार कुछ बदमाशों ने हमला किया था। पहले उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया और इसके बाद गोली मारी गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विनोद साहनी को जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार

विनोद साहनी की मौत के बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तीन नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी अभिषेक झा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शुभम और सुभाष समेत तीन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

फौजी बनने की अंधी दौड़ में क्या कर बैठे ये दो दोस्त? ट्रैक पर गिरे, अस्पताल पहुंचते ही खुला हैरान करने वाला राज

संजय निषाद के पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

विनोद साहनी की मौत की जानकारी मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री संजय निषाद मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया। इसके बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए परसपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमल शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती को निलंबित कर दिया।

एसपी के मुताबिक, इन पुलिसकर्मियों पर लापरवाही और कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही कृष्ण गोपाल राय को थानाध्यक्ष परसपुर और निशा निषाद को शाहपुर चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

शराब के नशे में अंधाधुंध दौड़ी कार! मंदिर के बाहर उड़े बिजली के पोल और वाटर कूलर, तहस-नहस हुआ पूरा इलाका

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सामने आया आरोप

एसपी अभिषेक झा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना की वजह को लेकर अपना पक्ष बताया है। उनके अनुसार, आरोपियों ने कहा कि विनोद कुमार साहनी वर्ग विशेष के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर आरोपी नाराज थे और कथित तौर पर इसी आवेश में घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Location :  Gonda

Published :  11 September 2026, 10:31 AM IST

Related News

Advertisement