
गोंडा में देर रात मुठभेड़ (Img: AI Generated Image)
Gonda: कटराबाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और तीन संदिग्धों का आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, रोकने का इशारा करने पर बाइक सवार युवकों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
मामला टेपरा मगुरही निवासी श्रवण कुमार शुक्ला की शिकायत के बाद सामने आया। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उन्होंने अपनी गाय और बछिया को खेत में चरने के लिए बांधा था। शाम को वापस लौटने पर बछिया वहां नहीं मिली। उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों पर संदेह जताया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए कटराबाजार पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
एएसपी राधेश्याम राय के मुताबिक, पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही इलाके में वाहनों की जांच कर रही थीं। मंगलवार रात करीब 12:55 बजे बनगांव से कटराबाजार जाने वाली सड़क पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय तीनों बाइक छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मंगुरही निवासी कबीउल्लाह के पैर में गोली लग गई।
फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी तेज कर दी। पुलिस के अनुसार, कबीउल्लाह के दो साथी सुहेल और शमी भी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। घायल कबीउल्लाह को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से हथियार और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस मिला, जबकि बाइक की डिग्गी से एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया गया। मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में छात्रा से दरिंदगी, छेड़छाड़ के बाद स्कूटर से 100 मीटर घसीटा, 10 दिन बाद FIR
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कबीउल्लाह निवासी मंगुरही, सुहेल निवासी तेलिन पुरवा और शमी निवासी मंगरही के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि घायल कबीउल्लाह के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Gonda
Published : 23 September 2026, 11:45 AM IST