
उलझी दीपिका की मौत की गुत्थी
Greater Noida: दीपिका नागर मौत मामला अब सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि आरोपों, दावों और रिश्तों की परतों में उलझती एक ऐसी कहानी बन गया है, जिसमें हर तरफ से अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। एक तरफ परिवार दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोप लगा रहा है, तो दूसरी तरफ ससुराल पक्ष खुद को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले को गलत दिशा में ले जाने की बात कह रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि हादसे वाले दिन आखिर हुआ क्या था और किन परिस्थितियों में दीपिका की जान गई।
दीपिका नागर की मौत के बाद उठे सबसे गंभीर आरोपों पर ससुराल पक्ष ने साफ कहा है कि दहेज की बात पूरी तरह बेबुनियाद है। परिवार का कहना है कि उन्होंने शादी के दौरान या उसके बाद कभी भी किसी तरह की मांग नहीं की। उनका दावा है कि रिश्ते हमेशा सामाजिक और पारिवारिक मर्यादाओं के अनुसार रहे। ससुराल पक्ष का यह भी कहना है कि अगर दहेज की कोई बात होती तो पहले ही विवाद सामने आ जाता, लेकिन सालों तक ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अब हालात बदलने के बाद मामले को अलग रंग देने की कोशिश की जा रही है।
मामले में एक बड़ा बयान 2012 में फॉर्च्यूनर गाड़ी को लेकर भी सामने आया है। ससुराल पक्ष का कहना है कि उस समय घर में पहले से ही फॉर्च्यूनर गाड़ी मौजूद थी, जिसे लेकर दहेज के आरोपों को गलत तरीके से जोड़ा जा रहा है।परिवार का कहना है कि इस गाड़ी का शादी या किसी लेन-देन से कोई संबंध नहीं था और इसे लेकर जो भी बातें फैलाई जा रही हैं, वे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।
ससुराल पक्ष ने एक और बड़ा दावा किया है कि दीपिका के ससुर ने उसके भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक स्कूल तक शुरू किया था। उनका कहना है कि यह कदम परिवार के सपोर्ट और शिक्षा के प्रति उनकी सोच को दिखाता है। उनके मुताबिक अगर किसी भी तरह की प्रताड़ना या गलत व्यवहार होता तो इस तरह का बड़ा कदम उठाना संभव नहीं था। परिवार ने इसे रिश्तों में विश्वास और सहयोग का उदाहरण बताया है।
Exclusive Video: दहेज की बलि चढ़ी दीपिका नागर! इसी घर में रची गई मौत की साजिश?
मामले में ऋतिक के परिवार की तरफ से भी बयान सामने आया है। परिजनों का कहना है कि ऋतिक और दीपिका के बीच गहरा प्यार था और दोनों के रिश्ते सामान्य दांपत्य जीवन जैसे ही थे। परिवार ने कहा कि दोनों के बीच किसी भी तरह की गंभीर समस्या कभी सामने नहीं आई थी, और जो भी विवाद बताया जा रहा है, वह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऋतिक दीपिका का बहुत ख्याल रखता था और दोनों एक-दूसरे के साथ भविष्य की योजनाएं बना रहे थे।
Location : Greater Noida
Published : 20 May 2026, 8:04 PM IST