एक पल में उजड़ गया परिवार… दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने जिम ट्रेनर को रौंदा, एक साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

सीतापुर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। दो बाइकों की टक्कर के बाद तेज रफ्तार ट्रक ने जिम ट्रेनर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर ऐसा मंजर था जिसे देखकर लोग सिहर उठे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 August 2026, 5:18 PM IST
google-preferred

Sitapur: रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। दो बाइकों की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक जिम ट्रेनर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि युवक काफी दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जिम से लौटते समय हुआ हादसा

रामपुर मथुरा निवासी रणजीत सिंह (34) सदरपुर स्थित जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करते थे। रोज की तरह शुक्रवार को भी वह जिम में प्रशिक्षण देने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। परिवार को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। बताया जा रहा है कि विशेषण मार्ग के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद रणजीत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे उर्वरक लदे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

ये भी पढ़ें- ‘सोने नहीं दिया तो पीटूंगा!’ मुंबई ट्रेन में मामूली सीट विवाद में महिला पर तानी बेल्ट, तमाशबीन बनी रही भीड़

ट्रक के नीचे फंसकर दूर तक घिसटता रहा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना दर्दनाक था कि रणजीत ट्रक के नीचे फंस गए और वाहन उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। सड़क पर यह दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं टक्कर में शामिल दूसरी बाइक का चालक भी वहां से भाग निकला। लोगों ने ट्रक का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो चुका था।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसों की डोर

स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रणजीत को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद भेजा। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रणजीत की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। कुछ साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनका एक साल का मासूम बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

ये भी पढ़ें- रफ्तार पर कब लगेगा अंकुश? मैनपुरी में DCM की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

फरार चालकों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद रामपुर मथुरा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक और दूसरी बाइक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों चालकों के सामने आने के बाद हादसे की पूरी वजह साफ हो पाएगी।

Location :  Sitapur

Published :  7 August 2026, 5:18 PM IST

Related News

Advertisement