
बदायूं में नींव भरने को लेकर विवाद (IMG: Dynamite News)
Budaun: सहसवान थाना क्षेत्र के बक्सर गांव में जमीन की नींव भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष के सुगढ़ सिंह ने गांव के ही होरी, चन्दकेश, सत्यपाल और सतीश पुत्र रमेश पर मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे, फावड़ा, गड़ासा और अन्य धारदार हथियार लेकर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी दो बेटियों और भाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर शिकायत में बदलाव कराने का आरोप लगाया है।
पीड़ित सुगढ़ सिंह के मुताबिक घटना 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है। वह गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में अपनी जमीन पर नींव भरवाने का काम करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान नामजद लोग लाठी-डंडे, फावड़ा, गड़ासा और अन्य धारदार सामान लेकर मौके पर पहुंच गए। पीड़ित का आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और इसके बाद उनके साथ मारपीट की।
बदायूं में समझौता बैठक के दौरान जानलेवा हमला! पिस्टल की बट से पति का सिर फोड़ा, 8 लोगों पर मुकदमा
सुगढ़ सिंह का कहना है कि मारपीट होते देखकर उनकी बेटियां गंगादेवी और रजनी तथा भाई कुमार सिंह उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित परिवार के मुताबिक घटना में सभी घायलों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कराया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ग्रामीणों के पहुंचने के बाद आरोपी मौके से चले गए। जाते समय उन्होंने भविष्य में देख लेने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद सुगढ़ सिंह अपने चोटिल परिजनों के साथ सहसवान थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि थाने में पुलिस ने उनकी ओर से दी गई शिकायत में बदलाव कराया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। वहीं, सहसवान इंस्पेक्टर नरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा लिखा जा रहा है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 22 September 2026, 4:59 PM IST