5 करोड़ की रंगदारी और विदेश से आया डेथ वारंट, दिल्ली को दहलाने आए हैरी गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार!

दिल्ली-NCR में एक खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। विदेश में बैठे मास्टरमाइंड के इशारे पर कुछ शूटरों ने आलीशान होटलों में ठिकाना बनाया और जमीन के नीचे मौत का सामान छिपा दिया। एक रोंगटे खड़े करने वाले इनपुट के बाद पुलिस ने जो पकड़ा, उसने सबके होश उड़ा दिए हैं।

Updated : 13 July 2026, 12:21 PM IST
google-preferred

New Delhi: राजधानी दिल्ली और एनसीआर के व्यापारी इन दिनों विदेशी गैंगस्टरों के निशाने पर हैं। इसी कड़ी में मार्च महीने के दौरान दिल्ली के एक नामी कारोबारी को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आने शुरू हुए। कॉल करने वाले अपराधियों ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रंदीप मलिक और हैरी बॉक्सर का गुर्गा बताते हुए कारोबारी से सीधे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी (Extortion) मांग डाली। रंगदारी न देने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की सीधी धमकी दी गई।

घर की रेकी कर भेजा वीडियो, दहशत में आया परिवार

गैंगस्टर केवल धमकी देकर ही नहीं रुके, बल्कि उन्होंने कारोबारी को डराने के लिए उसके घर की पूरी रेकी (निगरानी) की। बीते 4 जुलाई को शूटरों ने कारोबारी के घर की तस्वीरें और वीडियो खींचकर उसके मोबाइल पर भेजे। इस हरकत से कारोबारी का परिवार बुरी तरह दहशत में आ गया, जिसके बाद मामले की शिकायत तुरंत दिल्ली पुलिस को दी गई। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई।

यह भी पढ़ें-SC का ऐतिहासिक फैसला: ज्ञानवापी, मथुरा और संभल विवाद अब ‘स्पेशल लोक अदालत’ में, क्या सुलह से सुलझेगा सदियों पुराना झगड़ा?

श्रीनिवासपुरी से खुला राज, तीन शूटर गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त (DCP) शशांक जायसवाल के मुताबिक, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच की मदद से जाल बिछाया। पुलिस टीम ने सबसे पहले शिव गोविंद नाम के शूटर को श्रीनिवासपुरी इलाके से दबोचा। शिव गोविंद के मोबाइल की जांच करने पर पुलिस के होश उड़ गए; उसके फोन में पीड़ित कारोबारी के घर की रेकी के कई वीडियो और तस्वीरें थीं, जिन्हें उसने 'सिग्नल ऐप' के जरिए विदेश में बैठे अपने गैंग हैंडलर्स को भेजा था। शिव गोविंद से कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों- अभिनव उर्फ आकाश सिंह और विवेक को भी गिरफ्तार कर लिया।

नाले के पास जमीन में छिपाए थे अत्याधुनिक हथियार

पुलिस की जांच में सामने आया कि पकड़े जाने से बचने के लिए तीनों आरोपी दिल्ली के अलग-अलग होटलों में फरारी काट रहे थे। पूछताछ में शूटरों ने कुबूला कि उन्हें वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार 'अनिल पंडित' नाम के शख्स ने मुहैया कराए थे। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने इन हथियारों को रोहिणी सेक्टर-11 के पास एक नाले के किनारे जमीन के नीचे गाड़कर छिपा दिया था। पुलिस ने शूटरों की निशानदेही पर जमीन खोदकर 9 एमएम और बेरेटा समेत तीन अत्याधुनिक पिस्टल और 26 कारतूस बरामद किए।

यह भी पढ़ें-इस तस्वीर में छिपा है लाखों रुपये का राज! कुमार विश्वास बोले- नाम बताओ, इनाम ले जाओ

नादिर शाह हत्याकांड से जुड़े हैं तार

पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया शूटर अभिनव उर्फ आकाश सिंह कोई मामूली अपराधी नहीं है। वह साल 2024 में दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-1 (GK-1) में हुए चर्चित जिम संचालक नादिर शाह हत्याकांड में भी मुख्य आरोपी रह चुका है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी अनिल पंडित की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं, ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पूरी तरह सफाया किया जा सके।

Location :  New Delhi

Published :  13 July 2026, 12:21 PM IST

Advertisement