
प्रेम विवाह की जिद बनी मौत की वजह?
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिस भाई ने बचपन में बहन की रक्षा का वादा किया था, उसी ने परिवार की कथित बदनामी और प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसकी जान ले ली। 25 वर्षीय अदीबा की हत्या ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार आदमपुर गांव निवासी शकील कुरैशी की बेटी अदीबा पिछले करीब डेढ़ साल से गांव पलड़ी में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था।
शनिवार शाम परिजन अदीबा को वापस घर लेकर आए थे। रविवार दोपहर घर में अदीबा, उसकी मां और भाई आमिर मौजूद थे। इसी दौरान एक बार फिर प्रेम प्रसंग को लेकर बातचीत शुरू हुई। परिवार के लोग उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे कि इस रिश्ते की वजह से परिवार की बदनामी हो रही है, लेकिन अदीबा अपने फैसले पर कायम रही। बताया जा रहा है कि बहन की बात सुनकर आमिर का गुस्सा अचानक बेकाबू हो गया।
मुजफ्फरनगर में कौन चुरा रहा था ट्रांसफार्मर? मुठभेड़ के बाद पुलिस ने खोला बड़ा राज
आरोप है कि आमिर ने घर में मौजूद धारदार हथियार उठाया और अदीबा पर हमला कर दिया। उसने बहन का गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायल अदीबा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिस कमरे में अदीबा की हत्या की गई, वहां का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। घटना के बाद जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो यह मंजर देखकर उनकी रूह कांप उठी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल था। अदीबा की मौत से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल देखा गया।
मुजफ्फरनगर में होटल मालिक को गोली मारने वाला निकला नेशनल शूटर, सिगरेट नहीं मिलने पर दबंगई
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी देहात अक्षय संजय महादीक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 31 May 2026, 4:22 PM IST