
दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Budaun: बदायूं में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जरीफनगर स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की ट्रैप टीम ने बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने किसान के ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर बदलवाने और दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने के बदले 12 हजार रुपये की मांग की थी।
मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुड़ई गांव का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता सर्वेश कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली में शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, किसान के खेत में ट्यूबवेल के लिए लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके बाद दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए वह बिजली विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर रहा था।
सुबह की चाय से पहले छा गया मातम, बदायूं में अचानक गिरा दो मंजिला घर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। अधिकारियों के निर्देश पर शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात सामने आने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। इसके लिए टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपियों के पास भेजने की रणनीति तैयार की।
बुधवार 13 अगस्त 2026 को भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम जरीफनगर स्थित 33/11 केवी बिजलीघर पहुंची। ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में टीम ने बिजलीघर के आसपास निगरानी शुरू की। दोपहर करीब 3 बजकर 12 मिनट पर शिकायतकर्ता तय रकम लेकर आरोपियों के पास पहुंचा। योजना के मुताबिक उसने 12 हजार रुपये दोनों कर्मचारियों को दिए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में हरदेवा राम पुत्र स्वर्गीय नंदाराम शामिल है। उसकी उम्र 32 वर्ष बताई गई है और वह बिजली विभाग में TG-2 के पद पर तैनात है। वह मूल रूप से राजस्थान के नागौर जिले का रहने वाला है और फिलहाल जरीफनगर के 33/11 बिजलीघर में तैनात था। दूसरे आरोपी की पहचान मानक चंद्र पुत्र स्वराज सिंह यादव के रूप में हुई है। उसकी उम्र 28 वर्ष है और वह संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत बताया गया है। वह जरीफनगर थाना क्षेत्र के आरिफपुर भक्ता नगला गांव का निवासी है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारी या कर्मचारी की शिकायत की जाए। शिकायत के लिए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के पुलिस उपाधीक्षक से 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली इकाई से 9454401653 पर संपर्क किया जा सकता है।
Location : Budaun
Published : 13 August 2026, 7:02 PM IST