
ईंट से कूचकर युवक की बेरहमी से हत्या (IMG: Dynamite News)
Kanpur: रात में घर के बाहर शराब की महफिल सजी, सुबह उसी बरामदे में युवक का खून से लथपथ शव मिला। सिर और चेहरे पर ईंट से वार कर 32 वर्षीय सोनू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह है कि सोनू के साथ शुक्रवार रात घर के बाहर किसने शराब पी थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। मौके से पुलिस को दो डिस्पोजल गिलास और देसी शराब के पाउच मिले हैं। बताया जा रहा है कि सोनू जुआ खेलने का आदी था और शुक्रवार को ही उसने जुए में करीब 20 हजार रुपये जीते थे।
कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा भैसोर गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 32 वर्षीय सोनू की ईंट से कूचकर हत्या किए जाने की जानकारी शनिवार सुबह सामने आई। घर के बाहर स्थित बरामदे में उसका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सोनू की इस हालत में लाश देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कानपुर के बम्बा रोड पर बवाल; 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात
मृतक सोनू कटरा भैसोर गांव का रहने वाला था। वह करीब 32 साल का था और मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। सोनू अपने बड़े भाई मिंचू और मां रामजानकी के साथ रहता था। बताया गया कि सोनू के बड़े भाई मिंचू मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। परिवार में चार बहनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मां रामजानकी करीब एक महीने से घाटमपुर में अपनी बड़ी बेटी की ससुराल में रह रही थीं।
इस हत्याकांड में एक अहम जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोनू जुआ खेलने का आदी था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी उसने जुआ खेला था और इसमें करीब 20 हजार रुपये जीते थे। इसी दिन रात में घर के बाहर बने बरामदे में शराब पी गई थी। पुलिस को घटनास्थल से दो डिस्पोजल गिलास और देसी शराब के पाउच मिले हैं। इन चीजों से यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले सोनू के साथ वहां कुछ लोग मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, सोनू की हत्या ईंट से कुचलकर की गई है। उसके शव की हालत देखकर वारदात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट या अन्य आला कत्ल बरामद नहीं हुआ है। सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मौके पर मिले डिस्पोजल गिलास और शराब के पाउच को भी जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इस हत्याकांड में परिवार की परिस्थितियां भी जांच का अहम हिस्सा हैं। सोनू की मां रामजानकी एक महीने से घाटमपुर में अपनी बड़ी बेटी के यहां रह रही थीं। वहीं, घटना के समय उसका बड़ा भाई मिंचू घर के अंदर कमरे में था। सोनू घर के बाहर बरामदे में था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। सुबह जब उसका शव मिला तो परिवार और आसपास के लोग सकते में आ गए।
घटना के बाद सचेंडी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोनू की हत्या किसने और किस वजह से की।
Location : Kanpur
Published : 14 November 2026, 2:22 PM IST