
बरेली में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक किलो 519 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो कार भी कब्जे में ले ली है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी झारखंड से सस्ते दामों पर अफीम खरीदकर पंजाब में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात आंवला थाने की पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह और कांस्टेबल सोनू व गौतम कुमार शामिल थे। इसी दौरान भमौरा-बरेली मार्ग पर ग्राम रमनगला के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोतीपुरा से पहले अर्धनिर्मित दुकानों के पास एक स्कॉर्पियो कार के नजदीक तीन संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। उनके पास अवैध अफीम मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने रात करीब 11:35 बजे तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक किलो 519 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील (28 वर्ष) पुत्र शाकिर, निवासी मोहल्ला अलीगंज अड्डे के पीछे, कस्बा आंवला, अशरफ शाह (40 वर्ष) पुत्र भूरे शाह और अनीश (30 वर्ष) पुत्र जातून शाह के रूप में की है। अशरफ शाह और अनीश दोनों थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला हैदरगंज के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है। कार को अफीम की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों आपस में दोस्त हैं और लंबे समय से चोरी-छिपे अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड से कम कीमत पर अफीम खरीदकर लाते थे और दूसरे राज्यों में अधिक कीमत पर बेच देते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को तीनों आपस में बराबर बांट लेते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तारी वाली रात तीनों अफीम की खेप लेकर पंजाब जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
Bareilly: देखते ही देखते आग की लपटों में घिरा मकान, बाहर नहीं निकल पाईं लकवाग्रस्त द्रोपदी देवी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो कार अशरफ शाह की है। पुलिस की नजरों से बचने के लिए कार के पीछे नंबर प्लेट नहीं लगाई गई थी। आरोपियों को उम्मीद थी कि ऐसा करने से रास्ते में उनकी पहचान करना मुश्किल होगा। हालांकि, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उनकी योजना नाकाम कर दी। पुलिस अब आरोपियों के मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
आंवला पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना आंवला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में रिपोर्ट दर्ज की है। बरामद अफीम और स्कॉर्पियो कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह, कांस्टेबल सोनू और कांस्टेबल गौतम कुमार की टीम शामिल रही।
Location : Bareilly
Published : 12 November 2026, 5:51 PM IST