हिंदी
अस्पातल में व्यापारी
Baghpat: बागपत जिले के बड़ौत शहर में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब बस अड्डे के पास पुरानी रंजिश को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद पूरे शहर में तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यापारी सोहनलाल अपने बेटे विकास के साथ दुकान पर बैठे हुए थे। तभी दो बाइकों पर सवार होकर कई हमलावर मौके पर पहुंचे और पिस्टल तथा तमंचों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हमलावरों की गोली लगने से व्यापारी सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके बेटे विकास ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फायरिंग की चपेट में आकर एक राहगीर भी घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक व्यापारी और आरोपी पक्ष के बीच वर्ष 2016 से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग में आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हुई थी। पुलिस इसी पुराने विवाद को घटना की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हमलावरों को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान हुई अफरा-तफरी और छीनाझपटी में आरोपी अपने कुछ हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बरामद पिस्टल और तमंचे पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
दोहरे हत्याकांड से नाराज व्यापारियों ने बड़ौत बाजार बंद करा दिया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
Location : Baghpat
Published : 9 June 2026, 9:52 PM IST
Topics : Baghpat Double Murder Baraut Firing Businessman Shot Dead Father Son Murder Case Gang Rivalry
No related posts found.