हिंदी
फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना वजीरगंज क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरक्षी भी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को थाना वजीरगंज में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि मोहल्ला तकिया निवासी परवेज पुत्र छुन्ने ने उसकी करीब 13 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), पॉक्सो एक्ट की धारा 4/2 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। शनिवार देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे की ओर देखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में आरक्षी प्रवेन्द्र कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। घायल सिपाही और आरोपी दोनों को तत्काल जिला अस्पताल बदायूँ भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
फेसबुक-इंस्टाग्राम की एक रिक्वेस्ट से खाली करता था बैंक अकांउट, खुला ठगी का बड़ा राज
पुलिस ने आरोपी परवेज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। मामले की विवेचना तेज गति से की जा रही है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Location : Badaun
Published : 19 July 2026, 8:50 AM IST
Topics : Badaun Encounter Badaun News Wazirganj Police