Ayodhya: राम मंदिर दान पेटिका मामले में फिर पहुंची SIT, पुजारियों और ट्रस्ट पदाधिकारियों से होगी पूछताछ

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दान पेटिका से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम दोबारा राम मंदिर पहुंची है। टीम मंदिर के पुजारियों, ट्रस्ट के पदाधिकारियों और संदिग्धों से पूछताछ करेगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 1:05 PM IST

Ayodhya: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ा दान पेटिका अनियमितता मामला अब जांच के केंद्र में आ गया है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल यानी SIT ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को अयोध्या पहुंची टीम ने दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की थी, वहीं आज मंगलवार को एक बार फिर एसआईटी टीम राम मंदिर पहुंच गई है।

टीम अब मंदिर के पुजारियों, ट्रस्ट के पदाधिकारियों और मामले में पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ करेगी। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि दान पेटिका से जुड़े रिकॉर्ड में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है या नहीं।

15 दिन में देनी है अंतिम रिपोर्ट

जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार के निर्देश पर गठित एसआईटी को पूरे मामले की जांच कर सात दिन के अंदर प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपनी है। वहीं, 15 दिन के भीतर अंतिम रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है। अयोध्या पहुंचते ही SIT ने सबसे पहले मामले से जुड़े दस्तावेज, पुराने रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटानी शुरू कर दी थी। अब टीम मौके पर जाकर संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है।

आगरा के चर्चित हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला; संपत्ति विवाद में बहन की हत्या करने वाले भाई को फांसी की सजा

मंदिर परिसर से लेकर आश्रमों तक चर्चा तेज

SIT के अयोध्या पहुंचने के बाद मंदिर परिसर से लेकर संत-महंतों के आश्रमों और श्रद्धालुओं के बीच यही चर्चा है कि जांच में आखिर क्या सामने आएगा। लोगों का कहना है कि यह मामला सिर्फ आर्थिक अनियमितता का नहीं है, बल्कि मंदिर की व्यवस्था और पारदर्शिता से जुड़ा हुआ है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए हर कोई चाहता है कि जांच निष्पक्ष तरीके से हो और सच्चाई सामने आए।

धर्म सेना प्रमुख ने पुलिस को दी तहरीर

इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि परिसर की दान पेटिका से जुड़े आरोपों को लेकर धर्म सेना प्रमुख और पूर्व शिवसेना नेता संतोष दुबे ने भी कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को संतोष दुबे थाना राम जन्मभूमि पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर चार नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रामभक्तों के चढ़ावे में किसी भी तरह की अनियमितता की खबर से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सावधान! दिल्ली की महिला ने टेलीग्राम फ्रॉड से गंवा दिए लाखों, साइबर ठगों का ये नया तरीका जानकर चौंक जाएंगे आप

संतोष दुबे ने यह भी चेतावनी दी कि अगर पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो वह न्यायालय का रुख करेंगे। उन्होंने बताया कि विरोध स्वरूप बुधवार को सरयू तट पहुंचकर सरयू नदी को तहरीर अर्पित की जाएगी।

Location :  Ayodhya

Published :  16 June 2026, 1:05 PM IST