
बलिया में दिल दहला देने वाली वारदात
Ballia: उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। ग्राम पंचायत सुजायत के मौजा बगहीं में पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक चाचा ने अपने ही भतीजे को गोली मार दी। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुछ देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी संजय सिंह पेशे से एक अखबार में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करता है। पारिवारिक विवाद के दौरान अचानक कहासुनी बढ़ी और मामला हिंसा तक पहुंच गया। इसी दौरान संजय सिंह ने कथित रूप से अपने 14 वर्षीय भतीजे वैभव सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही किशोर जमीन पर गिर पड़ा और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही चितबड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल किशोर को तत्काल परिजनों की मदद से जिला चिकित्सालय बलिया भेजा। डॉक्टरों के अनुसार, वैभव सिंह के बाएं कांख के ऊपर गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
Maharajganj Breaking: नेपाल के पिउठान में दर्दनाक हादसा: 21 घायल, महिला व मासूम की मौत
हालांकि बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उसे वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। परिवार के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं और लगातार अस्पताल में मौजूद हैं।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय सिंह को हिरासत में ले लिया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार का तनाव न बढ़े। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
कालाढूंगी में दर्दनाक सड़क हादसा: घर लौट रहा था बेटा तभी रास्ते में हुआ ये… पढ़ें पूरी खबर
सदर क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। गांव के लोग भी इस घटना से हैरान हैं, क्योंकि जिस रिश्ते को सुरक्षा और भरोसे का प्रतीक माना जाता है, वहीं रिश्ता इस बार खौफ की वजह बन गया।
Location : Ballia
Published : 23 April 2026, 10:46 PM IST