
फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव (IMG: Dynamite News)
Amethi: अमेठी में एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मंगलवार को उसका शव ससुराल के घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। मृतका ने करीब तीन साल पहले पड़ोस के मुस्लिम युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उसका नाम बदलकर फिजा बानो कर दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले थाने पहुंचे और ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मामला अमेठी के जायस थाना क्षेत्र के पूरे तोमड़ गांव का है। पुलिस के मुताबिक, यहां रहने वाली 21 वर्षीय दिव्या ने कासिमपुर निवासी रमजान अली उर्फ फुलरु से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के अनुसार, शादी से पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और करीब तीन साल पहले दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद दिव्या का नाम बदलकर फिजा बानो कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले भी थाने पहुंचे। मां आरती देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बेटी की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मां का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल में काफी समय से परेशान किया जा रहा था।
मृतका की मां आरती देवी ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले भी बेटी के साथ विवाद हुआ था। उस समय दिव्या ससुराल जाने को तैयार नहीं थी। मां के मुताबिक, बेटी ने उस दौरान अपने साथ हो रही कथित मारपीट और प्रताड़ना के बारे में बताया था। मां का कहना है कि दिव्या ने आशंका जताई थी कि ससुराल के लोग उसे मार सकते हैं। परिवार के एक रिश्तेदार ने भरोसा दिलाकर उसकी विदाई कराई थी। इसके बाद दिव्या दोबारा ससुराल चली गई थी।
मृतका की मां की तहरीर के आधार पर जायस पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक थाना जायस अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका दिव्या उर्फ फिजा खान की मां आरती की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कुछ सेकेंड में बदल गया सबकुछ! अमेठी में पिकअप-बाइक टक्कर से मातम
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता की मौत वास्तव में किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चल सकेगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले घर में क्या हुआ था और क्या विवाहिता को किसी तरह की प्रताड़ना दी गई थी। इसके साथ ही मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Location : Amethi
Published : 18 August 2026, 6:58 PM IST