हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Agra: आगरा के किरावली कस्बे में आगरा-जयपुर हाईवे किनारे शव दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बहेड़ी मुस्लिम मोहल्ला निवासी 70 वर्षीय दर्जी लतीफ उर्फ शराफत हुसैन की बुधवार दोपहर मौत के बाद परिजन और मुस्लिम समाज के लोग गांव अभुआपुरा के पास सैय्यद की मजार के निकट शव दफनाने पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विरोध शुरू हो गया।
बुधवार रात करीब आठ बजे मुस्लिम समाज के लोग शव को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए मौके पर कब्र खोद रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने जमीन को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संपत्ति बताते हुए कब्र खोदने का विरोध किया। विवाद की सूचना मिलते ही करीब एक दर्जन लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मुस्लिम पक्ष के करीब 60 लोग भी वहां पहुंच गए, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना मिलने पर किरावली थानाध्यक्ष मदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कोरई टोल प्लाजा से NHAI की टीम भी मौके पर पहुंची। NHAI के सुपरवाइजर नरेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे के डिवाइडर से 65 मीटर तक की जमीन प्राधिकरण के अधीन है। उन्होंने मौके पर बने नाले को भी सरकारी जमीन पर बताया।
टोल मैनेजर जगमोहन गौतम ने भी दावा किया कि मुस्लिम पक्ष ने NHAI की जमीन पर शव दफनाया है। इस संबंध में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में मीडिया पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराए जाने की बात कही गई है।
दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने मौके पर करीब तीन बीघा जमीन अपनी होने का दावा किया। उनका कहना है कि वहां पहले से ही कब्रें बनी हुई हैं। परिजनों के अनुसार, थाना प्रभारी के निर्देश पर तय स्थान से कुछ पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफनाया गया।
एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और NHAI टीम के निर्देशन में जमीन का सर्वे कराया गया। इसके बाद परिजन द्वारा पहले से बने कब्रिस्तान में ही शव दफनाया गया। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौके पर शांति है और कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
Location : Agra
Published : 11 September 2026, 11:57 AM IST