हिंदी
वैशाली में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (Img- X)
Vaishali: बिहार के वैशाली जिले में दहेज को लेकर नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। राघोपुर प्रखंड के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की वीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या छह में रविवार सुबह 19 वर्षीय अंजली कुमारी का शव मिला।
मायके वालों ने उसके पति पर दहेज में चार पहिया वाहन नहीं मिलने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान चकसिंगार गांव निवासी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, करीब चार महीने पहले उसकी शादी वीरपुर निवासी शंकर राम से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी।
परिवार का दावा है कि शादी में अपनी आर्थिक क्षमता से बढ़कर डेढ़ लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के करीब 15 दिन बाद ही अंजली को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा।
बिहार के समस्तीपुर में चंदौली के युवक को गोलियों से भूना, परिवार में मचा कोहराम
अंजली के भाई राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसका बहनोई चार पहिया वाहन की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर अंजली के साथ मारपीट की जाती थी और उसे ठीक से खाना-पीना भी नहीं दिया जाता था।
राहुल के अनुसार, परिवार ने कई बार पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने की कोशिश की। उन्होंने अपने बहनोई को आर्थिक स्थिति समझाते हुए बाद में गाड़ी की व्यवस्था करने की बात भी कही, लेकिन आरोप है कि प्रताड़ना जारी रही।
जुड़ावनपुर थाना (Img- X)
मृतका के भाई के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे शंकर राम ने फोन किया था। राहुल का आरोप है कि फोन पर उसने रविवार सुबह आकर अंजली को ले जाने और दो लाख रुपये नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
परिवार के अनुसार, इस बातचीत के कुछ घंटे बाद ही उन्हें अंजली की मौत की सूचना मिली। हालांकि, फोन पर धमकी दिए जाने के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रविवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों के जरिए मायके वालों को अंजली की मौत की जानकारी मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव घर के बाहर आंगन में पड़ा देखा। उनके मुताबिक, अंजली के गले पर गहरे काले निशान थे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पति शव को बोरे में भरकर ले जाने की तैयारी कर रहा था। महिलाओं की नजर पड़ने और शोर मचने के बाद भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी खेतों की ओर भाग गया।
बिहार में 10 लाख से ज्यादा शिक्षकों-पुलिसकर्मियों की सैलरी पर संकट, त्योहार से पहले क्यों अटका वेतन?
सूचना मिलने पर जुड़ावनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस फरार पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मायके पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Vaishali
Published : 26 October 2026, 12:15 PM IST
Topics : Bihar crime Bihar News crime news vaishali news