गोरखपुर में 25 हजार के इनामी गैंगस्टर राहुल सिंह की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 14 संगीन मुकदमों में वांछित आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहुल सिंह एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर अपराध करता था। पढिए पूरी खबर

आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur: गोरखपुर में अपराध की दुनिया का एक बड़ा चेहरा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर घूम रहा 25 हजार का इनामी गैंगस्टर राहुल सिंह अब जेल की हवा खाएगा। लूट, डकैती और हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वाले इस बदमाश की गिरफ्तारी से पूरे इलाके में हलचल मच गई है।
जनपद में संगठित अपराध और गैंगस्टर के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हरपुर बुदहट पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
Gorakhpur News: बीमारी से परेशान परिवार को मिली उम्मीद, अंशु सिंह ने घर पहुंचकर की मदद
पुलिस के मुताबिक, राहुल सिंह पर गोरखपुर और महराजगंज जिले के अलग-अलग थानों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। साल 2014 से ही उसका नाम अपराध की दुनिया में सामने आने लगा था। गिरफ्तार आरोपी राहुल सिंह जनपद गोरखपुर का रहने वाला है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2015 में राहुल सिंह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है। इसके बावजूद उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा और लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। वह गीडा, कैम्पियरगंज, चिलुआताल, गुलरिहा समेत कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और लोगों में उसका खौफ बना हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष हरपुर बुदहट विवेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।
Gorakhpur News: इमरान खान निकला गिरोह का सरगना, कई जिलों तक फैला था नेटवर्क
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहुल सिंह एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर अपराध करता था। उसकी गिरफ्तारी से गिरोह कमजोर पड़ा है। पूछताछ के दौरान उसके अन्य साथियों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारियां मिलने की उम्मीद है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार कश्यप, उपनिरीक्षक विजय कुमार गौड़, कांस्टेबल गोरखनाथ यादव और कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार यादव शामिल रहे। अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।