सिर्फ शेयर या सोना नहीं, अब बारिश पर भी लगा सकेंगे पैसा; जानें कैसे होगा लाभ और नुकसान?

भारत में निवेश के नए आयाम खुलने वाले हैं। अब केवल शेयर या सोना नहीं, बल्कि बारिश पर भी पैसा लगाया जा सकेगा। नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) दुनिया का पहला रेनफॉल इंडेक्स ‘रेनमुंबई’ लॉन्च कर रहा है। मगर इसमें क्या छिपा है जो बाजार को हिला सकता है, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 May 2026, 9:43 AM IST
google-preferred

New Delhi: भारत में निवेश के नए युग की शुरुआत हो रही है। शेयर बाजार में सोना, चांदी, कच्चा तेल और स्टॉक्स पर ट्रेडिंग की बातें आपने सुनी होंगी, लेकिन अब निवेशक बारिश पर भी दांव लगा सकेंगे। नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) 29 मई से दुनिया का पहला बारिश आधारित रेनफॉल इंडेक्स ‘रेनमुंबई’ लॉन्च कर रहा है।

इस नए सूचकांक के जरिए निवेशक, कंपनियां और खुदरा निवेशक दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान 29 मई से 30 सितंबर तक बारिश के कम या ज्यादा होने का अनुमान लगाकर ट्रेडिंग कर सकेंगे। एनसीडीईएक्स के एमडी और सीईओ अरुण रस्ते ने बताया कि यह वैश्विक स्तर पर पहला ऐसा इंडेक्स है, जो केवल बारिश पर आधारित है।

कैसा होगा काम का तरीका?

मौसम विभाग ने जून से सितंबर के बीच औसत बारिश का आंकड़ा तय किया है। इसके आधार पर ट्रेडिंग होगी:

बारिश का अनुमान: निवेशक अगर सोचते हैं कि जून में औसत से कम बारिश होगी, तो वे अनुबंध बेच सकते हैं। अधिक बारिश की उम्मीद होने पर खरीद सकते हैं।
मुनाफा: अनुमान सही बैठने पर निवेशकों को लाभ मिलेगा।
निष्पादन: महीने के आखिरी दिन मौसम विभाग के आंकड़े जारी होंगे और उसी के आधार पर सौदे का लाभ या हानि तय होगी।

किसानों और एग्री-प्रोसेसिंग कंपनियों के लिए मददगार

विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम निवेशकों के लिए नई संभावनाएं खोल सकता है। बिजली कंपनियां और कृषि-आधारित उद्योग मानसून के उतार-चढ़ाव का जोखिम कम करने के लिए इस सूचकांक का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसके अलावा, यह इंडेक्स किसानों और एग्री-प्रोसेसिंग कंपनियों के लिए भी मददगार साबित हो सकता है। उदाहरण के लिए, अगर बारिश अधिक होगी, तो फसल की पैदावार प्रभावित होने की संभावना के कारण कीमतों में बदलाव आएगा। ऐसे में निवेशक इस बदलाव पर अपने फैसले लेकर मुनाफा कमा सकते हैं।

गलत अनुमान से हो सकता है नुकसान

एनसीडीईएक्स का कहना है कि भविष्य में अन्य मौसम आधारित अनुबंधों जैसे तापमान, तूफान या सूखा पर भी ट्रेडिंग की संभावना तलाशा जा सकता है। यह कदम भारतीय बाजार में निवेश की दिशा को पूरी तरह बदल सकता है और नए निवेशकों को आकर्षित करेगा। बारिश आधारित ट्रेडिंग के साथ, निवेशकों को मौसम की सही जानकारी रखने की जरूरत होगी। गलत अनुमान से नुकसान भी हो सकता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि निवेशक पहले छोटे अनुबंधों के साथ शुरुआत करें और धीरे-धीरे अनुभव हासिल करें।

इस नई पहल से स्पष्ट है कि अब निवेश केवल शेयर और सोने तक सीमित नहीं है, बल्कि मौसम जैसी प्राकृतिक घटनाओं तक पहुंच चुका है। क्या आप तैयार हैं बारिश पर दांव लगाने के लिए?

Location :  New Delhi

Published :  21 May 2026, 9:30 AM IST

Advertisement