हिंदी
गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Ghaziabad: गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में दिल्ली-मेरठ हाईवे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नमो भारत कॉरिडोर के पिलर से एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार टकरा गई, जिससे चालक समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा मोदीनगर में मेरठ रोड स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने हुआ। कार में छह युवक सवार थे, जो दिल्ली से मेरठ लौट रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले कार डिवाइडर से टकराई और फिर नमो भारत के पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सामने से एक ट्रक भी आ रहा था, लेकिन संयोग से वह कार की चपेट में आने से बच गया।
हादसे में चालक लोनी निवासी 25 वर्षीय अंकित तिवारी और मेरठ के परतापुर निवासी 32 वर्षीय आदेश की मौत हो गई। दोनों आगे की सीट पर बैठे थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, पीछे बैठे कुलदीप, आदेशपाल, हिमांशु और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित और आदेश को मृत घोषित कर दिया। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मेरठ के परतापुर निवासी रोहित अपने दोस्तों आदेश, हिमांशु कुमार, कुलदीप, आदेशपाल और लोनी निवासी अंकित तिवारी के साथ बुधवार को दिल्ली गए थे। गुरुवार सुबह सभी दोस्त मेरठ लौट रहे थे। अंकित कार चला रहा था। इसी दौरान मोदीनगर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।
कार परतापुर के कुंडा गांव निवासी संजय के नाम पर रजिस्टर्ड बताई गई है।
UP News: रायबरेली में आस्था से सराबोर हुआ एनटीपीसी का दशहरा मेला, जानें पूरी खबर
घटना की सूचना मिलते ही मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी। माना जा रहा है कि अधिक स्पीड के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
भीषण दुर्घटना के बाद दिल्ली-मेरठ हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर क्षतिग्रस्त कार के कारण यातायात प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।
Location : ghaziabad
Published : 21 May 2026, 10:58 AM IST