Heat Wave in Punjab-Haryana: पंजाब-हरियाणा में लू का कहर, सिरसा और फरीदकोट में पारा 46 डिग्री पार

पंजाब और हरियाणा में तेज लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। सिरसा, फरीदकोट और रोहतक में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी तापमान सामान्य से 3-6 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी।

Updated : 20 May 2026, 3:11 PM IST
google-preferred

Heat Wave in Punjab-Haryana: उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पंजाब और हरियाणा में तेज लू ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार (19 मई) को दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सूरज के तेवर इतने तेज हैं कि कई शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया आज भी स्थिति वही है।

फरीदकोट और रोहतक में रिकॉर्ड तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, फरीदकोट में दिन का तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं हरियाणा के रोहतक में पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान सामान्य से काफी अधिक है और इन शहरों में लू ने लोगों को बेहाल कर दिया है। इन दोनों स्थानों के अलावा पंजाब और हरियाणा के कई अन्य शहरों में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब रहा।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी, कई जिलों में तापमान 47 डिग्री पार होने के आसार

चंडीगढ़ में पारा बढ़कर 43.2 डिग्री

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सोमवार के मुकाबले एक डिग्री अधिक होकर 43.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य सीमा से चार डिग्री अधिक है।

हरियाणा के प्रमुख शहरों में पारा 44-45 डिग्री के बीच

हरियाणा में अंबाला का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। हिसार में पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि करनाल में यह 44.6 डिग्री तक पहुंचा, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। नारनौल में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।

सिरसा, गुरुग्राम और भिवानी में लू का असर

सिरसा और गुरुग्राम के लोग भी तेज गर्मी से परेशान हैं। सिरसा में पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं भिवानी में यह 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इन शहरों में लोगों को लू और तेज धूप के कारण रोजमर्रा की गतिविधियों में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Weather Update: यूपी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश के अलर्ट के बीच उमस और गर्मी से लोग बेहाल

पंजाब के शहरों में बढ़ता तापमान

पंजाब में अमृतसर भी लू की चपेट में है। अमृतसर में पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। लुधियाना में भी तापमान 44.2 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। पटियाला में पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। गुरदासपुर में 43 डिग्री और फिरोजपुर में 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

गर्मी से राहत की संभावना कम

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में भी पंजाब और हरियाणा में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। लू और तेज धूप के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लोगों को लगातार पानी पीने, धूप में कम समय बिताने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।

Location :  Punjab/Haryana

Published :  20 May 2026, 3:11 PM IST

Related News

Advertisement