हिंदी
सर्राफा बाजार में सोना-चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर (Img- Internet)
New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। स्थानीय बाजार में मांग बढ़ने से चांदी की चमक अत्यधिक बढ़ गई है और यह 2.71 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। इसी तरह, पीली धातु यानी सोने में भी भारी उछाल आया है, जिससे यह चढ़कर 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है।
हालांकि, घरेलू सर्राफा बाजार के बिल्कुल उलट मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों कीमती धातुओं में गिरावट का रुख देखने को मिला, जहां कल रात तक सोना और चांदी नुकसान के साथ लाल निशान पर ट्रेड कर रहे थे।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, बीते सत्र में बाजार बंद होने के समय बिना 3 फीसदी जीएसटी और मेकिंग चार्ज के 24-कैरेट सोने की कीमत 1,58,540 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, 22-कैरेट सोने के दाम 1,54,730 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए।
दूसरी ओर, एमसीएक्स पर जुलाई डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 363 रुपये (0.13 फीसदी) के नुकसान के साथ 2,73,902 रुपये प्रति किलो पर थी। इसी तरह एमसीएक्स पर सोना भी 566 रुपये नीचे गिरकर 1,59,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। गुडरिटर्न्स के आंकड़ों में 24-कैरेट सोना 1,59,930 रुपये और चांदी 2,85,000 रुपये प्रति किलो पर देखी गई।
बाजार के कारोबारियों और विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक स्तर पर बढ़ती महंगाई की चिंताओं ने अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मजबूती के बावजूद कीमती धातुओं की सुरक्षित निवेश के रूप में मांग को बढ़ाए रखा है। विश्लेषकों के मुताबिक, विशेष रूप से अमेरिका-ईरान संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी आपूर्ति बाधाओं की आशंकाओं के कारण सोने की मांग लगातार बनी हुई है। इसके अलावा, भारतीय रुपये में आई कमजोरी ने भी स्थानीय बाजारों में कीमतों को और हवा दी है।
गुड रिटर्न्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह देश के प्रमुख शहरों में 24-कैरेट, 22-कैरेट और 18-कैरेट सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखा गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत लखनऊ, कानपुर और जयपुर में 24-कैरेट सोने का भाव 1,60,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला है, जबकि यहां 22-कैरेट का रेट 1,46,750 रुपये और 18-कैरेट का रेट 1,20,100 रुपये दर्ज किया गया। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के साथ-साथ कोलकाता में सोने की कीमतें थोड़ी कम रहीं; यहाँ 24-कैरेट सोना 1,59,930 रुपये, 22-कैरेट सोना 1,46,600 रुपये और 18-कैरेट सोना 1,19,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है।
वहीं, पटना, इंदौर और भोपाल में 24-कैरेट सोने की कीमत 1,60,130 रुपये, 22-कैरेट की कीमत 1,46,650 रुपये और 18-कैरेट की कीमत 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम बनी हुई है। इन सभी प्रमुख शहरों के मुकाबले आज सुबह चेन्नई में सोने के दाम सबसे ऊंचे स्तर पर देखे गए, जहाँ 24-कैरेट सोना 1,61,670 रुपये, 22-कैरेट सोना 1,48,100 रुपये और 18-कैरेट सोना 1,24,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बोला जा रहा है।
Location : New Delhi
Published : 22 May 2026, 9:02 AM IST