शेयर बाजार में अचानक लौटी खरीदारी! सेंसेक्स 564 अंक उछला, निफ्टी भी चढ़ा; आखिर तेजी की वजह क्या रही?

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 564.03 अंक चढ़कर 74,858.99 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 67.90 अंक बढ़कर 23,414.30 पर पहुंच गया। फार्मा और FMCG शेयरों में खरीदारी रही। रुपया भी 15 पैसे मजबूत होकर 95.81 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 September 2026, 4:28 PM IST

New Delhi: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। हालिया गिरावट के बाद निवेशकों की खरीदारी से बाजार को सहारा मिला और दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 564.03 अंक यानी करीब 0.76 फीसदी की तेजी के साथ 74,858.99 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 67.90 अंक बढ़कर 23,414.30 पर पहुंच गया। बाजार में खरीदारी का असर कई प्रमुख सेक्टरों के शेयरों पर भी दिखाई दिया।

सेंसेक्स में 564 अंकों की बढ़त

सोमवार के कारोबार में निवेशकों का रुझान खरीदारी की ओर रहा। पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में आई गिरावट के बाद कई शेयरों में निचले स्तर पर खरीदारी देखने को मिली। इसका सीधा असर सेंसेक्स और निफ्टी पर पड़ा। कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 564.03 अंक की बढ़त के साथ 74,858.99 पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी 67.90 अंक चढ़कर 23,414.30 के स्तर पर बंद हुआ।

हफ्ते के आखिरी दिन अडानी ग्रुप के शेयरों में 12% तक का उछाल, बने एशिया के सबसे अमीर उद्योगपति

फार्मा और FMCG शेयरों में तेजी

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के अलग-अलग सेक्टोरल इंडेक्स में कारोबार मिला-जुला रहा। निफ्टी आईटी इंडेक्स में मामूली गिरावट देखने को मिली, जबकि फार्मा सेक्टर सबसे ज्यादा बढ़त वाले क्षेत्रों में रहा। इसके बाद एफएमसीजी सेक्टर का स्थान रहा। प्रमुख शेयरों की बात करें तो आईटीसी और सन फार्मा के शेयर करीब 2 फीसदी तक मजबूत हुए। निवेशकों की खरीदारी से इन कंपनियों के शेयरों को समर्थन मिला।

रुपया भी हुआ मजबूत

शेयर बाजार में तेजी के बीच भारतीय रुपया भी सोमवार को डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ। रुपया 15 पैसे की बढ़त के साथ 95.81 रुपये प्रति डॉलर (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, विदेशी मुद्रा बाजार में निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव का असर रुपये और घरेलू बाजार की धारणा पर भी पड़ सकता है।

शेयर मार्केट ने भरा दम! बेंकिंग और आईटी सेक्टर में मचा धमाल, निफ्टी में भी उछाल

ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर के नीचे

मध्य पूर्व में तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े घटनाक्रमों के बीच कच्चे तेल की कीमतों पर भी बाजार की नजर रही। हालांकि, ब्रेंट क्रूड की कीमत 102 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई। रिपोर्ट के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के जरिए तेल के प्रवाह में बढ़ोतरी से कच्चे तेल की कीमतों को कुछ राहत मिली। इसके बावजूद ऊंची तेल कीमतें भारतीय बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं, क्योंकि भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है।

वैश्विक बाजारों में भी तेजी

भारतीय बाजार के अलावा प्रमुख वैश्विक बाजारों में भी सोमवार को सकारात्मक माहौल रहा। लंदन समयानुसार सुबह 9:47 बजे तक स्टॉक्स यूरोप 600 में 0.9 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार के वायदा कारोबार में भी मजबूती देखने को मिली। एसएंडपी 500 वायदा 0.7 फीसदी, जबकि नैस्डैक 100 वायदा 1.1 फीसदी ऊपर रहा। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज के वायदा कारोबार में भी करीब 0.7 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में भी निवेशकों का रुझान सकारात्मक रहा। एमएससीआई एशिया पैसिफिक इंडेक्स 1.1 फीसदी और एमएससीआई इमर्जिंग मार्केट्स इंडेक्स 1.5 फीसदी ऊपर रहा।

Location :  New Delhi

Published :  21 September 2026, 4:28 PM IST