हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Gurugram: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा गतिशील बनाने के लिए एक बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से 7 IAS, 1 IFS और 10 HCS (हरियाणा सिविल सेवा) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी इन आधिकारिक आदेशों के अनुसार, राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों, मंडलों और जिलों के कप्तानों को बदल दिया गया है। इस फेरबदल से उच्च-तकनीकी शिक्षा, परिवहन, पर्यावरण और शहरी निकाय जैसे अहम विभागों में नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है।
इस पूरे फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव रोहतक मंडल में देखने को मिला है। वरिष्ठ IAS अधिकारी मोनिका मलिक को रोहतक मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर राजीव रतन का स्थान लेंगी। इसके साथ ही सरकार ने एक बड़ा नीतिगत फैसला लेते हुए चार महत्वपूर्ण पदों को IAS (सीनियर स्केल) के बराबर का दर्जा दिया है।
इनमें फरीदाबाद में HSVP के प्रशासक, अर्बन एस्टेट फरीदाबाद के अतिरिक्त निदेशक, करनाल नगर निगम के आयुक्त और हिसार के जिला नगर आयुक्त के पद शामिल हैं। अब इन पदों पर तैनात होने वाले अधिकारियों को IAS स्तर की जिम्मेदारी, वेतनमान और सम्मान प्राप्त होगा। वहीं, HCS अधिकारी शशि वसुंधरा की नई पोस्टिंग के आदेश अभी अलग से जारी किए जाएंगे।
नए आदेशों के तहत IAS नीरज को फरीदाबाद HSVP का प्रशासक और अर्बन एस्टेट फरीदाबाद का अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। IAS सलोनी शर्मा अब नगर निगम करनाल की नई आयुक्त होंगी। IAS हितेश कुमार मीणा को वित्त विभाग में अतिरिक्त सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। IAS सी. जयशाराधा को हिसार का जिला नगर आयुक्त, नगर निगम आयुक्त और इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के अतिरिक्त CEO का जिम्मा मिला है।
इसके अतिरिक्त, IAS प्रभजोत सिंह को महानिदेशक (राज्य परिवहन हरियाणा) और IAS वीरेंद्र कुमार दहिया को उच्च शिक्षा विभाग का महानिदेशक एवं विशेष सचिव नियुक्त करने के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, IFS एस. नारायणन को महानिदेशक (पर्यावरण) एवं सचिव (पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग) की जिम्मेदारी मिली है।
शहरी स्थानीय निकायों और जिला स्तर पर पकड़ मजबूत करने के लिए 10 HCS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कुशल कटारिया को अतिरिक्त नगर आयुक्त (नगर निगम गुरुग्राम) और पंकज कुमार को अतिरिक्त निदेशक (शहरी स्थानीय निकाय) बनाया गया है। डॉ. सुभाष चंदर को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा हॉस्पिटैलिटी विभाग में संयुक्त निदेशक पद पर तैनात किया गया है।
मानव मलिक को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग में संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। म्यांक वर्मा को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण में संयुक्त CEO का प्रभार मिला है। इसके अलावा मनीष कुमार यादव को गुहला का SDM, गुरविंदर सिंह को पिहोवा का SDM, अर्पित गहलावत को जिला रजिस्ट्रार (फर्म एवं सोसायटी, गुरुग्राम), सपना यादव को संयुक्त आयुक्त (नगर निगम गुरुग्राम) और सुरेश को करनाल का सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
Location : Gurugram
Published : 26 June 2026, 11:42 AM IST