हिंदी
रेस्क्यू ऑपरेश जारी
हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में मंगलवार को बड़ा नाव हादसा हो गया। महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9 के पास बाढ़ के पानी में चल रही एक नाव बोल्डर से टकराने के बाद असंतुलित होकर डूब गई। नाव पर करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में हुआ। नाव तेरसिया दियारा इलाके से होते हुए महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9 के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान बाढ़ के पानी में मौजूद एक बड़े बोल्डर से नाव टकरा गई। टक्कर लगते ही नाव का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह पानी में समा गई।
नाव डूबने के बाद उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, वहीं स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब तक सात लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीआरएफ की टीम, स्थानीय पुलिस और अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद बाढ़ के पानी में लापता लोगों की तलाश तेज की जाएगी। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और सभी लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Location : Bihar
Published : 8 September 2026, 5:12 PM IST