Bihar Election: बिहार की बड़ी सियासी खबर, JDU-BJP का बिगड़ा खेल? चिराग पासवन लड़ेंगे सभी 243 सीटों पर

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ी सियासी खबर सामने आई है। चिराग पासवान ने सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

Updated : 6 July 2025, 4:08 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अपने एक बयान से बीजेपी और जेडीयू की मुश्किलें बढ़ा दीं है। चिराग पासवान ने बिहार में सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

ऐलान के बाद उठा सवाल

चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी एनडीए में शामिल है। नीतिश कुमार की जेडीयू भी एनडीए का हिस्सा है। यानि लोजपा, भाजपा और जेडीयू बिहार मे इस समय साथ-साथ हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि चिराग पासवान क्या अपने सहयोगी दलों से अलग होकर सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

चिराग के इस ऐलान ने फिलहाल भाजपा और जेडीयू को सकते में डाल दिया है। बता दें कि चिराग पासवान इस समय एनडीए की मोदी सरकार में मंत्री भी हैं।

चिराग पासवान ने रविवार को छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में रविवार को आयोजित 'नव संकल्प महासभा' को संबोधित करते हुए कहा कि वह बिहार के हित में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके विरोधी उनके रास्ते में रोड़ा अटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिहार की सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

बिहार में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता

वहीं हाजीपुर के वासुदेवपुर चपूता में एक निजी कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए नीतीश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। खेमका हत्याकांड का जिक्र करते हुए चिराग ने कहा कि जब पटना के पॉश इलाके में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक भी हत्या सरकार और प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय होनी चाहिए।

वहीं, स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती पर पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में बिहार अस्मिता दिवस के अवसर पर चिराग ने बिहार के विकास का खाका खींचा। बिहार इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (BITO) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान के साथ चिराग ने किया।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन बिहार को निवेश और तरक्की की राह पर ले जाने का प्रयास है। चिराग ने बताया कि प्रवासी बिहारियों को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। साथ ही, जल्द ही बिहार में एक आधुनिक अस्पताल का निर्माण शुरू होगा, जिसके लिए जमीन का चयन हो चुका है। उन्होंने “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के विजन को साकार करने का संकल्प दोहराया।

Location : 

Published :