
महागामा में 'हिट एंड रन'(Source: Google)
Ranchi: झारखंड के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत दियाजोरी चौक के पास शुक्रवार की देर शाम एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना हुई। एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने मृतक के परिवार की खुशियां मातम में बदल दी हैं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान महागामा वार्ड नंबर पांच (हरिजन टोला) निवासी चुनका रविदास के 28 वर्षीय पुत्र अर्जुन रविदास के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्जुन सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। दर्दनाक पहलू यह रहा कि हादसे के बाद अंधेरे के कारण वह लगभग एक घंटे तक लहूलुहान हालत में वहां तड़पता रहा। काफी देर बाद बलबड्डा निवासी पीतांबर कुमार सिंह की नजर उन पर पड़ी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि अर्जुन मेहरमा के प्रतापपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। खुशियों भरे माहौल से घर लौटने के दौरान वह इस हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर के चिराग की अचानक मौत से माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अर्जुन को टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
Location : Ranchi
Published : 2 May 2026, 6:22 AM IST