Deoghar: चतरा में 42 लाख का अवैध डोडा जब्त; ऑटो से बिहार भेजी जा रही थी खेप

झारखंड के चतरा में पुलिस ने धान की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 282 किलो अवैध डोडा जब्त किया। 42 लाख की इस खेप को बिहार भेजने की तैयारी थी। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की है।

Updated : 3 May 2026, 3:55 PM IST
google-preferred

Deoghar: झारखंड के चतरा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध डोडा (अफीम का चूरा) जब्त किया है। तस्करों ने इस खेप को धान की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी योजना विफल हो गई।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी

एसडीपीओ सदर संदीप सुमन ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंदा की ओर से एक मालवाहक ऑटो में धान की बोरियों के नीचे छिपाकर अवैध डोडा बिहार भेजा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई, जिसमें प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

टीम ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बलवादोहर गांव के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कुंदा की ओर से आ रहे एक भूरे रंग के ऑटो (रजिस्ट्रेशन संख्या JH02BG-2536) को रोका गया।

Deoghar Treasury Scam: स्वास्थ्य विभाग में फर्जी निकासी का पर्दाफाश, एक महिला क्लर्क पर गंभीर आरोप

धान की बोरियों के नीचे मिला डोडा का जखीरा

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को ऊपर रखी धान की बोरियों के नीचे बड़ी मात्रा में अवैध डोडा मिला। कुल 10 बोरियों में भरा हुआ 282 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 42 लाख रुपये आंकी जा रही है।

एक तस्कर गिरफ्तार, बिहार भेजने की थी योजना

इस कार्रवाई में पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोमे गांव निवासी 27 वर्षीय अजय कुमार साव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप ‘ड्राई स्टेट’ बिहार में खपाने के लिए भेजी जा रही थी, जहां प्रतिबंधित मादक पदार्थों की मांग अधिक रहती है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Deoghar News: जयपुर मोड़ कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार और लूटा वाहन बरामद

नशा मुक्त जिला बनाने की दिशा में अभियान जारी

एसडीपीओ संदीप सुमन ने कहा कि चतरा पुलिस नशा मुक्त जिला बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Deoghar

Published :  3 May 2026, 3:39 PM IST

Advertisement