
काली खोह मंदिर में आस्था से खिलवाड़ (Img- Dynamite News)
Mirzapur: विंध्य की हसीन और पवित्र पहाड़ियों के बीच समाया मां काली खोह का मंदिर देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र है। लेकिन अब इसी पावन धाम से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मंदिर की मर्यादा और पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंदिर परिसर में दर्शन करने आए एक श्रद्धालु परिवार के साथ फर्जी तरीके से पुरोहित बने लोगों ने सिर्फ इसलिए बदसलूकी की, क्योंकि उन्होंने मुंहमांगी दक्षिणा देने से इनकार कर दिया था।
घटना उस वक्त की है जब एक पीड़ित परिवार मां काली के दर्शन कर हवन कुंड में नारियल और पूजन सामग्री चढ़ाने पहुंचा। तभी वहां खुद को पुरोहित बताने वाले कुछ दबंगों ने उन्हें रोक दिया। आरोप है कि जब परिवार ने मनमानी दक्षिणा देने से मना किया, तो उनके साथ सरेआम अभद्रता की गई। इस पूरी गुंडागर्दी और बहसबाजी का पीड़ित परिवार ने बिना डरे वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
मिर्जापुर के काली खोह मंदिर में फर्जी पंडागिरी का आरोप! दक्षिणा को लेकर श्रद्धालु परिवार से अभद्रता और हवन रोकने का वीडियो वायरल, पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।#MirzapurNews #Vindhyachal #KaliKhohTemple #ViralVideo pic.twitter.com/C8YLgeOQYk
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 17, 2026
इस शर्मनाक घटना से मंदिर के वास्तविक पंडे-पुजारियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय पुजारियों ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं से बदसलूकी करने वाले लोग मंदिर के अधिकृत पुजारी बिल्कुल नहीं हैं। ये स्थानीय यादव बिरादरी के कुछ दबंग लोग हैं, जो फर्जी तरीके से पुरोहित बनकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ठगते और डराते हैं। असली पुजारियों का कहना है कि ऐसे लोगों की वजह से पूरे विंध्य क्षेत्र और मंदिर की साख पर बट्टा लग रहा है।
दूर-दराज से आने वाले भक्तों के साथ लगातार हो रही इस तरह की बदसलूकी पर अब तक मंदिर समिति और विंध्याचल पुलिस की चुप्पी पर सवाल उठ रहे थे। हालांकि, वीडियो के वायरल होते ही मिर्जापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसका संज्ञान ले लिया है। अब देखना यह होगा कि आस्था के नाम पर गुंडागर्दी करने वाले इन फर्जी पुरोहितों पर प्रशासन क्या सख्त कार्रवाई करता है, ताकि मां के दरबार में आने वाले भक्तों का विश्वास बना रहे।
Location : Mirzapur
Published : 17 August 2026, 4:21 PM IST
Topics : mirzapur news UP News Viral video