एक ही दिन, एक ही मुहूर्त और एक ही आंगन में 4 भाईयों ने लिए सात फेरे, हिमाचल की इस अनोखी शादी ने खींचा सबका ध्यान

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक ऐसा पारिवारिक आयोजन हुआ, जिसने गांव से लेकर आसपास के इलाकों तक लोगों का ध्यान खींच लिया। इस खास मौके पर घर के हर कोने में खुशियों का माहौल था, रिश्तेदारों की चहल-पहल थी और परंपराओं के बीच एक परिवार के लिए जिंदगी का नया अध्याय शुरू हो रहा था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 November 2026, 4:56 PM IST

Sirmaur: शादी का दिन किसी भी परिवार के लिए खास होता है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक परिवार की खुशियां उस समय चार गुना हो गईं, जब एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में चार भाइयों ने सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। गिरिपार क्षेत्र के शिल्ला गांव में हुई इस अनोखी शादी में चार अलग-अलग बरातें एक ही घर से रवाना हुईं और शाम को चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ वापस लौटे। इसके बाद एक ही आंगन में चार नई बहुओं का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया।

एक ही दिन चार शादियां, एक आंगन में चार बहुओं का स्वागत

शिला गांव के रहने वाले प्रताप चौहान और उनके भतीजों की शादियां एक ही दिन हुईं। प्रताप सिंह के बेटे भवन सिंह ने मटियाना की शिवानी से शादी की, जबकि भारतीय सेना में कार्यरत रविंद्र चौहान ने डुगाना की रवीना से विवाह किया।

इसी परिवार के सुरेंद्र सिंह के बेटे विजय चौहान ने बालिकोटी के चक्री गांव की प्रमिला से शादी की। इसके अलावा अजय चौहान ने कोदगा के बिरखाना गांव की सुनीता से शादी करके अपने जीवन की एक नई शुरुआत की।

Weather Update: UP-दिल्ली से बिहार-झारखंड तक बारिश का अलर्ट, हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी; जानें 5 दिन का मौसम

ये चारों शादियां एक ही दिन और एक ही शुभ मुहूर्त पर संपन्न हुईं। पूरे दिन शिला गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। शाम को जब चारों दूल्हे अपनी दुल्हन के साथ घर लौटे, तो परिवार की खुशी का ठिकाना न रहा। घर के आंगन में चारों नई बहुओं का स्वागत किया गया।

38 सदस्यों का परिवार अब हुआ 42 का

इस आयोजन की सबसे खास बात यह नहीं है कि चार भाइयों की शादियां एक साथ हुईं, बल्कि यह है कि यह परिवार एक जॉइंट फैमिली के रूप में रहता है। पहले इस घर में 38 सदस्य थे, अब चार नई बहुओं के आने से परिवार के सदस्यों की कुल संख्या 42 हो गई है।

दर्द पर मरहम या जेब पर नया वार? हिमाचल में तेल पर लगा ‘अनाथ-विधवा सेस’, जानिए क्यों मचा बवाल और क्या हैं नई कीमतें

शिला गांव का डेमनेक परिवार गिरीपार क्षेत्र में प्रचलित संयुक्त परिवार की परंपरा का एक बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है। प्रताप और सुरेंद्र सिंह से जुड़ा यह परिवार ऐसा है, जिसमें दस भाई एक ही छत के नीचे रहते हैं। परिवार के सदस्यों ने अपनी ज़मीन का बंटवारा नहीं किया है, इसके बजाय वे आपसी तालमेल और सहयोग के साथ मिल-जुलकर रहना पसंद करते हैं।

गिरिपार में आज भी कायम है संयुक्त परिवार की परंपरा

गिरिपार क्षेत्र अपनी अनूठी परंपराओं और रीति-रिवाजों के लिए जाना जाता है। यहां के कई गांवों में आज भी संयुक्त परिवार प्रणाली देखने को मिलती है। यहां कई पीढ़ियों के लोग एक ही घर में साथ रहते हैं और अपनी पुश्तैनी संपत्ति का बंटवारा किए बिना परिवार की जिम्मेदारियों को मिल-जुलकर निभाते हैं।

पंचायत प्रधान गुमान सिंह ने बताया कि गिरिपार क्षेत्र के कई परिवारों में संयुक्त परिवार प्रणाली आज भी प्रचलित है, जहां कुछ घरों में एक ही छत के नीचे बहुत सारे सदस्य रहते हैं। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था यहां की स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का एक अहम हिस्सा है एक ऐसी विरासत जिसे लोग आज भी संजोए हुए हैं।

Location :  Sirmaur

Published :  16 November 2026, 4:56 PM IST